Union Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज यानी 1 फरवरी 2026 को लगातार नौवीं बार पूर्णकालिक बजट (Union Budget 2026-27) पेश करने जा रही हैं. यह इतिहास का दूसरा मौका है जब बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया जा रहा है. इस बजट से सैलरीड क्लास, मिडिल क्लास, महिलाओं और कारोबारियों सहित हर वर्ग को बड़ी राहत की उम्मीद है.
यह बजट ऐसे समय में पेश हो रहा है, जब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगले दो वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है. हालांकि, अमेरिका के हाई टैरिफ और वैश्विक चुनौतियों के बीच 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को किसी भी हाल में लगातार 8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर बनाए रखनी होगी.
ऐसे में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती देना, निवेश को बढ़ावा देना और रोजगार के अवसर पैदा करना वित्त मंत्री के सामने बड़ी चुनौतियों में शामिल रहेगा. भारत फिलहाल दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, लेकिन इस रफ्तार को बरकरार रखने के लिए बजट से ठोस और दूरदर्शी फैसलों की उम्मीद की जा रही है.
इसके अलावा स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, कृषि और सामाजिक कल्याण जैसे तमाम क्षेत्रों की अपनी अलग-अलग जरूरतें हैं. ऐसे में यह देखना अहम होगा कि बजट में किन क्षेत्रों पर कितना फोकस किया जाता है और किस तरह से विकास को नई गति देने की कोशिश की जाती है. वैश्विक उथल-पुथल के बीच रक्षा बजट में इजाफे की उम्मीद की जा रही है. दूसरी तरफ सरकार का जोर इस बार रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया यानी आत्मनिर्भरता के ऊपर है.
ऐसा माना जा रहा है कि आयकर में कोई बहुत बड़ा बदलाव शायद ही मिले. लेकिन मिडिल क्लास से लेकर महिलाओं तक निर्मला सीतारमण से इस बार काफी उम्मीदें हैं. रियल एस्टेट में इस बार बाजार के जानकारों का कहना है कि लोगों तक सस्ते घरों की खरीदारी को आसान बनाए जाने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए. साथ ही, बाजार के जानकार ये भी कहता है कि इस क्षेत्र को बूस्ट करने के लिए सरकार को बजट के जरिए कदम उठाने चाहिए.
केंद्रीय बजट 2026 का सीधा प्रसारण वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ऐतिहासिक रुप से 9वां बजट पेश करेंगी, वह पहली ऐसी वित्त मंत्री होंगी जो यह मुकाम हासिल करेंगी. पीएम मोदी की अध्यक्षता में चल रही कैबिनेट की बैठक में बजट को औपचारिक मंजूरी मिल गई है. थोड़ी देर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट पेश करेंगी.