Rajpal Yadav: मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव पिछले कई सालों से कानूनी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
इसी मुश्किल समय में अभिनेता सोनू सूद उनके समर्थन में आगे आए हैं। सोनू सूद ने राजपाल यादव को अपनी आने वाली फिल्म में काम देने का ऐलान किया है और साथ ही एक छोटी साइनिंग अमाउंट देने की बात कही है। सोनू सूद ने साफ कहा कि यह कोई दान नहीं, बल्कि एक कलाकार के लिए सम्मान और पेशेवर मदद है।
सोनू सूद का बयान
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजपाल यादव एक बेहतरीन कलाकार हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को सालों तक यादगार काम दिया है। कई बार जिंदगी में टैलेंट की वजह से नहीं, बल्कि वक्त की वजह से मुश्किलें आती हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से अपील की कि बुरे समय में सभी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि छोटी सी साइनिंग अमाउंट देना कोई एहसान नहीं, बल्कि यह बताने का तरीका है कि संकट के समय कोई अकेला नहीं है।
राजपाल यादव का दर्द
सरेंडर से पहले राजपाल यादव भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा,
“मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई रास्ता नजर नहीं आता। यहां हर कोई अकेला है, कोई दोस्त नहीं होता। इस संकट से मुझे खुद ही लड़ना है।”
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने अपने दोस्तों से मदद क्यों नहीं मांगी, तो उन्होंने कहा कि इस इंडस्ट्री में मुश्किल वक्त में इंसान अकेला पड़ जाता है।
क्यों फंसे कानूनी पचड़े में
राजपाल यादव ने साल 2010 में अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म के फ्लॉप होने के बाद वे कर्ज नहीं चुका पाए। इसके बाद चेक बाउंस के कई मामले दर्ज हुए।
साल 2018 में कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को 6 महीने की सजा सुनाई थी। हालांकि उन्होंने समय-समय पर कुछ रकम चुकाई, लेकिन ब्याज के साथ यह रकम बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई।
Rajpal Yadav is a gifted actor who has given years of unforgettable work to our industry. Sometimes life turns unfair, not because of talent, but because timing can be brutal. He will be part of my film, and I believe this is the moment for all of us..producers, directors,…
— sonu sood (@SonuSood) February 10, 2026
कोर्ट का फैसला
4 फरवरी 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव की समय बढ़ाने की आखिरी अर्जी खारिज कर दी और तुरंत सरेंडर करने का आदेश दिया। इसके बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।
इस पूरे मामले में सोनू सूद का आगे आना फिल्म इंडस्ट्री में एकजुटता और इंसानियत की मिसाल माना जा रहा है।