Delhi News: दिल्ली सचिवालय, विधानसभा, लाल किला और दो स्कूलों को बम से जुड़ी धमकियां निकलीं फर्जी

Delhi News: दिल्ली सचिवालय, दिल्ली विधानसभा, लाल किला और राष्ट्रीय राजधानी के दो स्कूलों सहित कई संस्थानों को सोमवार को ईमेल के जरिए से बम की धमकी मिली, जिसे बाद में ‘फर्जी’ बताया गया। अधिकारियों ने ये जानकारी दी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि दिल्ली सचिवालय, धौला कुआं के दिल्ली आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को बम की धमकी मिली है।

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली विधानसभा और उसके अध्यक्ष की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह आठ बजे धमकी भरे ईमेल मिले। धमकी भरे ईमेल में “दिल्ली बनेगा खालिस्तान” लिखा था और कहा गया था कि अगले तीन दिनों में दिल्ली आर्मी स्कूल, लाल किला और मेट्रो स्टेशनों में विस्फोट होंगे।

उनके मुताबिक, इस ईमेल में दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे दिल्ली आर्मी पब्लिक स्कूल, दोपहर 3:11 बजे विधानसभा और सुबह 9:11 बजे लाल किले में विस्फोट होगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद दोनों स्कूलों के प्रशासन ने सुबह ही अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी।

अधिकारी ने बताया, “दिल्ली सचिवालय और दो स्कूलों- धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। एहतियात के तौर पर परिसर खाली करा दिए गए और गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, कुछ भी संदिग्ध न मिलने के कारण इस बम धमकी को फर्जी घोषित कर दिया गया है।”

आम आदमी पार्टी (एएपी) के नेता और पूर्व विधायक दिलीप के पांडे ने ‘एक्स’ पर कहा, “आज मुझे मेरी निजी ईमेल आईडी पर बम से संबंधित धमकी मिली और चूंकि मामला जन सुरक्षा से संबंधित था, इसलिए मैंने ईमेल को तुरंत दिल्ली पुलिस को भेज दिया है।”

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों और अन्य स्थानों के आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया।

अधिकारी ने कहा, “हम ये पता लगा रहे हैं कि ईमेल कहां से भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।” ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसे भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर प्रकोष्ठ को भी इस काम में लगाया गया है। तलाशी अभियान अब भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *