Delhi-NCR: राजधानी दिल्ली और एनसीआर से सटे शहरों में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के बाद बारिश हुई। बता दें कि मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही बारिश का अनुमान जताया था। अचानक हुए इस परिवर्तन के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं धूल भरी आंधी और फिर बारिश के कारण कुछ इलाकों में जाम की स्थित बन गई।
मौसम विभाग के पहले ही इस बात की आशंका जता दी थी कि 30 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, 31 मार्च को भी आसमान में बादल बने रहेंगे और दिन में बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि तापमान अधिकतम 29-31 डिग्री और न्यूनतम 19-21 डिग्री के बीच रहेगा।
तीन अप्रैल को फिर बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल को आसमान में बादल बने रहेंगे और तापमान 31-33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 2 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान अधिकतम 32-34 डिग्री तक रहेगा। इसके अलावा, 3 अप्रैल को फिर से बादल छाए रहेंगे और दिन में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम 18-20 डिग्री के बीच रहेगा।