Delhi Blast: दिल्ली बम धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत, चश्मदीदों ने सुनाई आंखों देखी घटना

Delhi Blast: दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में तेज़ विस्फोट हुआ, जिसमें कई वाहन जलकर खाक हो गए और दस लोगों की मौत हो गई। यह विस्फोट उस व्यस्त शाम को हुआ जब इलाका लोगों से भरा हुआ था। घायलों को कुछ किलोमीटर दूर एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।

दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दस दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि शाम 7.29 बजे ब्लास्ट के बाद लगी आग पर काबू पा लिया गया।

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “आग में छह कारें, दो ई-रिक्शा और एक ऑटोरिक्शा जलकर खाक हो गए।” राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। धमाका इतना जोरदार था कि कई मीटर दूर खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए। इसकी आवाज़ कुछ किलोमीटर दूर आईटीओ तक भी सुनी गई।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। इसकी तीव्रता काफी ज़्यादा थी। कई लोगों के घायल होने की आशंका है।” घटना की तस्वीरों में जलती हुई कारों से आग के धुएं उठते दिखाई दे रहे हैं।

ज़ोरदार विस्फोट के बाद घटनास्थल पर कई वाहन क्षतिग्रस्त देखे जाने से इलाके में दहशत फैल गई। एक घायल चश्मदीद जिसके माथे पर चोट आई है, उसने बताया कि विस्फोट एक कार संभवत स्विफ्ट से हुआ लगता है। उसने कहा, “मेरे ऑटो के सामने एक स्विफ्ट कार थी। उस कार में कुछ था जो अचानक फट गया।” बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे।

यह विस्फोट फरीदाबाद के पास एक कश्मीरी डॉक्टर के किराए के मकान से लगभग 360 किलोग्राम संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट और हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद होने के कुछ घंटों बाद हुआ। हरियाणा पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर फरीदाबाद के धौज इलाके से डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार किया और उनके किराए के मकान से विस्फोटक सामग्री हथियार और टाइमर बरामद किए।

अधिकारियों ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद और अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद से जुड़े और कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले एक “सफेदपोश” आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन डॉक्टरों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2,900 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि 15 दिनों के अभियान के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में फरीदाबाद में कश्मीर निवासी डॉ. गनई और लखनऊ की महिला डॉक्टर डॉ. शाहीन शामिल हैं, जिन्हें हिरासत में पूछताछ के लिए हवाई मार्ग से श्रीनगर ले जाया गया। उनकी कार से एक एके-47 राइफल बरामद हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *