Delhi: केजरीवाल ने अमित शाह पर साधा निशाना, कहा- शराब नीति के जरिए मेरी ईमानदारी-प्रतिष्ठा पर किया हमला

Delhi: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने शराब नीति संबंधी एक ‘‘फर्जी’’ मामले के माध्यम से आम आदमी पार्टी (एएपी) को खत्म करने की साजिश रची।

इससे पहले, शहर की एक अदालत ने राजनैतिक रूप से संवेदनशील शराब नीति मामले में केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को आरोप मुक्त कर दिया। मामले में ‘क्लीन चिट’ मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (एएपी) के प्रमुख ने कहा कि वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज किए गए मामलों के संबंध में आरोप मुक्त करने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी ने प्रदूषण, प्रदूषित यमुना, खराब सड़कों जैसी समस्याओं से दिल्ली में अराजकता फैला दी है… मैं प्रधानमंत्री मोदी को दिल्ली में नए सिरे से चुनाव कराने की चुनौती देता हूं और अगर बीजेपी 10 से ज्यादा सीट जीतती है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’’

बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में केवल ईमानदारी और प्रतिष्ठा अर्जित की है, जिस पर मोदी और शाह ने एक ‘‘फर्जी’’ शराब घोटाला मामले के जरिए हमला किया। उन्होंने कहा कि अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है और मौजूदा परिस्थितियों में जब सभी संस्थाएं हमले के घेरे में हैं, न्यायाधीश ने आदेश पारित करने में जबरदस्त साहस दिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *