CBI: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेशी अंशदान नियमों के कथित उल्लंघन के सिलसिले में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक के परिसर पर छापे मारे।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने पाठक के खिलाफ विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के कथित उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने छापेमारी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार पर ‘एएपी’ को खत्म करने के लिए ‘हर हथकंडा’ आजमाने का आरोप लगाया।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि ‘‘ बीजेपी का गंदा खेल फिर शुरू। गुजरात के सहप्रभारी दुर्गेश पाठक के घर सीबीआई पहुंची है। मोदी सरकार ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने का हर हथकंडा अपना कर देख लिया लेकिन फिर भी उन्हें चैन नहीं मिला। गुजरात में बीजेपी की हालत खराब है, जैसे ही पाठक को गुजरात का सहप्रभारी बनाया गया, उनको धमकाने के लिए सीबीआई भेज दी गई।’’