Ankita bhandari: अंकिता भंडारी प्रकरण में ‘वीआईपी’ के नाम का खुलासा करने का दावा करने वाली उर्मिला सनावर की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। देहरादून में हुई लंबी पूछताछ के बाद अब हरिद्वार पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने उनसे पूछताछ जारी है। इस बीच, उर्मिला के वकील अंकुश कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपना पक्ष रखा और जांच प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया, वकील अंकुश कुमार ने कहा कि पूछताछ की प्रक्रिया पूरी तरह से विधिसम्मत और सहज तरीके से चल रही है.
उन्होंने बताया कि पुलिस अपने स्तर से सवाल-जवाब कर रही है और उर्मिला सनावर जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं. उन्होंने पूछताछ के तरीकों को ‘सॉफ्ट’ बताया और कहा कि फिलहाल किसी भी प्रकार की कड़ाई नहीं बरती जा रही है.सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उर्मिला की गिरफ्तारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए वकील ने स्पष्ट किया कि उन पर लगे अधिकांश आरोप ‘जमानती’ (Bailable) प्रकृति के हैं.
उन्होंने कहा कि अभी तक गिरफ्तारी जैसी कोई स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है और वे कानून के दायरे में रहकर अपनी बात रख रहे हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा कि आवश्यकता पड़ने पर अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए भी कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी.जब वकील से पूछा गया कि क्या उर्मिला के पास वायरल ऑडियो के अलावा भी कोई अन्य पुख्ता सबूत हैं, तो उन्होंने इसे ‘जांच का हिस्सा’ बताते हुए अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा कि जो भी साक्ष्य होंगे, वे सीधे जांच टीम (SIT) को ही सौंपे जाएंगे.मामले के राजनीतिकरण और ब्लैकमेलिंग के आरोपों पर अंकुश कुमार ने कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि “कानून सबके लिए बराबर है और जो भी प्रक्रिया होगी वह नियम अनुसार ही चलेगी”.
फिलहाल SIT की टीम उर्मिला द्वारा लगाए गए आरोपों और उन पर दर्ज मुकदमों के तालमेल की बारीकी से जांच कर रही है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में उर्मिला सनावर क्या कोई नया सबूत पेश कर पाती हैं या नहीं।