Nitish kumar: नीतीश कुमार ने किया राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, आज करेंगे नामांकन दाखिल

Nitish kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।  जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, और इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा आज खत्म हो जाएगी। जेडी(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव के लिए आज अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।”

नीतीश ने लगभग चार महीने पहले 20 नवंबर को पटना में आयोजित भव्य समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वे बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को शानदार जीत मिली थी। बीजेपी के पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और बिहार इकाई के महासचिव शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है।

एनडीए में शामिल दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि जेडी(यू) ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को कहा था, “होली की पूर्व संध्या पर, मेरे पास बिहार की जनता के साथ साझा करने के लिए एक खुशखबरी है। काफी समय से जेडी(यू) के अंदर और राज्य के युवाओं के बीच यह मांग उठ रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत राजनीति में कदम रखें।” उन्होंने कहा था, “इसके लिए रास्ता साफ हो गया है और एक या दो दिन में औपचारिक घोषणा की जाएगी।”

जब यह पूछा गया कि क्या जेडी(यू) प्रमुख के 40 वर्षीय बेटे निशांत राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं, तो श्रवण कुमार ने कहा था, “कुछ भी संभव है। पार्टी के शीर्ष नेता बैठक करके इस बारे में बातचीत करेंगे, जिसके बाद एक या दो दिन में सब पता चल जाएगा।” श्रवण कुमार 1990 में समता पार्टी के समय से जेडी(यू) प्रमुख के करीबी रहे हैं। इस बीच, जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।

जब जेडी(यू) नेता से पूछा गया कि क्या पिछले सप्ताह 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं, तो चौधरी ने कहा, ‘‘इस पर बातचीत जारी है। मुख्यमंत्री ही अंतिम निर्णय लेंगे।’’ चौधरी ने यह भी दोहराया कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने वाले हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की स्थिति में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *