Bihar Temple Stampede: नालंदा के शीतला देवी मंदिर में भगदड़, आठ की मौत

Bihar Temple Stampede: नालंदा से भारी अमंगल की सूचना आई, जहां पूरा प्रशासनिक तंत्र राष्ट्रपति के नालंदा दौरे की तैयारियों में व्यस्त था, वहीं जिले के शीतला देवी मंदिर में भगदड़ से आठ की जान चली गई।

पूरा प्रशासनिक तंत्र नालंदा में राष्ट्रपति के दौरे की व्यवस्था में लगा था, उधर जिले के बिहारशरीफ से बुरी खबर सामने आ गई। बिहार शरीफ स्थित मघड़ा स्थित माता शीतला माता के मंदिर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। अचानक मची इस भगदड़ में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े। भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए। कुछ देर बाद जब भीड़ नियंत्रित हुई तो कुचल कर मरने वालों के शव निकलने शुरू हुए। आठ शवों को घटनास्थल से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने छह लाख रुपये देने का किया एलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं तथा राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *