Mussoorie: मसूरी में कुलदीप यादव की शाही शादी, खास मेहमानों का जमावड़ा

Mussoorie:  पहाड़ों की रानी मसूरी इन दिनों भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी को लेकर चर्चा में है। 14 अप्रैल 2026 को होने वाले इस भव्य समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। शादी समारोह का आयोजन मसूरी के प्रतिष्ठित होटल वेलकम द सवाये में किया जा रहा है, जहां मेहमानों के स्वागत के लिए शाही इंतजाम किए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक देश-विदेश से कई खास मेहमान मसूरी पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ मेहमानों के देर शाम तक पहुंचने की संभावना है। आध्यात्मिक गुरु धीरेंद्र कृष्णा शास्त्री भी शाम करीब 6 बजे जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से मसूरी पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद देंगे। वहीं भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ अपने परिवार के साथ मसूरी पहुंच चुके हैं।

शादी को शाही अंदाज देने के लिए बारात की एंट्री खास होगी। दूल्हे की बारात पारंपरिक सजी-धजी घोड़ी के साथ एक रॉयल विंटेज कार रॉयल रॉयस में निकाली जाएगी, जिसे खास तौर पर देहरादून से मंगवाया गया है।

सूत्रों के अनुसार युवा क्रिकेटर तिलक वर्मा भी जल्द मसूरी पहुंचने वाले हैं। इसके अलावा क्रिकेट जगत से कई और नामचीन खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।

इवेंट मैनेजमेंट टीम ने अधिकांश इंतजाम गोपनीय रखे हैं, हालांकि देर शाम मेहमानों के मनोरंजन के लिए भव्य आतिशबाजी की भी तैयारी है। मेहमानों के लिए खास दावत में अफगानी क्यूज़ीन के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन परोसे जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई जाएगी।

कुल मिलाकर मसूरी में होने वाला यह शादी समारोह शाही अंदाज में आयोजित होगा, जहां क्रिकेट, आध्यात्मिक और सामाजिक जगत की कई हस्तियां इस खास पल की गवाह बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *