Sunil grover: द ग्रेट इंडियन कपिल शो 4 के ग्रैंड फिनाले प्रोमो ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है, सुनील ग्रोवर ने कादर खान का गेटअप लेकर ऐसी मिमिक्री की कि वरुण धवन और डेविड धवन भी हैरान रह गए. सोशल मीडिया पर लोग सुनील की काफी तारीफ कर रहे हैं.
कॉमेडी और एंटरटेनमेंट का सबसे पसंदीदा शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो 4 एक बार फिर चर्चा में है. इस बार वजह बना है इसके सीजन 4 के ग्रैंड फिनाले का प्रोमो, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है. शो के इस खास एपिसोड में बॉलीवुड की फेमस पिता-पुत्र जोड़ी वरुण धवन और डेविड धवन मेहमान बनकर पहुंचने वाले हैं. लेकिन, प्रोमो में सबसे ज्यादा लाइमलाइट किसी और ने नहीं बल्कि कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने बटोरी है, जिन्होंने दिवंगत एक्टर कादर खान की मिमिक्री कर सभी को चौंका दिया.
शो का असली सरप्राइज तब सामने आता है जब सुनील ग्रोवर मंच पर कादर खान के गेटअप में एंट्री लेते हैं. उनका लुक, आवाज और कॉमिक अंदाज इतना सटीक होता है कि वहां मौजूद सभी लोग कुछ पल के लिए चौंक जाते हैं. खास बात ये है कि डेविड धवन, जिन्होंने कादर खान के साथ कई फिल्मों में काम किया है, वो भी सुनील की इस परफॉर्मेंस से बेहद प्रभावित नजर आते हैं. प्रोमो में वो मुस्कुराते हुए कहते हैं कि उन्हें कादर खान की याद आ गई.