Aditya Dhar: फिल्म “धुरंधर” के निर्देशक आदित्य धर ने कहा कि दर्शकों ने सालों से उनके काम पर जो विश्वास दिखाया है, उसके लिए वे सभी के बहुत आभारी हैं।
अपनी फिल्म “धुरंधर द रिवेंज” की रिलीज के लिए तैयार आदित्य धर ने अपना 43वां जन्मदिन मनाया और अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में उन्होंने अपनी टीम और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, “जैसे ही मैं अपना जन्मदिन ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को फाइनल रूप देने में बिता रहा हूं, मैं एक पल के लिए रुककर बीते हुए शानदार साल पर नजर डाल रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “आज यहां बैठे हुए, मुझे इस यात्रा के लिए, उस टीम के लिए जो हमेशा मेरे साथ चली है और आपमें से बहुत से लोगों ने सालों से मेरे काम पर जो विश्वास दिखाया है, उसके लिए आप सभी का तहे दिल से धन्यवाद।”
उन्होंने आगे कहा, “दिल भर आया है और दर्शकों का भरोसा उनके लिए सब कुछ है। आप सभी के मैसेज, ट्वीट, स्टोरीज और आदित्य धर के मीम्स में दिखाई गई हर छोटी-से-छोटी डिटेल को पढ़कर मेरा दिल भर आया है। काश मैं आप में से हर किसी को पर्सनली जवाब दे पाता, लेकिन प्लीज ये जान लें कि मैं आपके सभी प्यार और हौसले की बहुत कद्र करता हूं।”
उन्होंने कहा, “इनमें से किसी भी चीज को मैं हल्के में नहीं लेता। एक ऐसी इंडस्ट्री में जहां कुछ भी पक्का नहीं होता और हर फिल्म एक भरोसे की छलांग होती है, वहां दर्शकों का भरोसा ही सब कुछ होता है। अगर इस साल ने मुझे कुछ सिखाया है, तो वे ये है कि अपने सपनों पर से कभी भी भरोसा न खोएं, चाहे वे कितने भी बड़े क्यों न हों। पूरी ईमानदारी से काम करें। अपने काम में अपना सब कुछ झोंक दें और ये कायनात आपको जरूर जवाब देगी। इस बात पर भरोसा रखें कि हर छोटा कदम और हर संघर्ष धीरे-धीरे हमें ठीक उसी जगह ले जा रहा है, जहां हमें होना चाहिए।”
धर की फिल्म “धुरंधर” दिसंबर 2025 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।
रणवीर सिंह के साथ-साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे सितारों से सजी ये फिल्म, कंधार विमान हाईजैक, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित गुप्त खुफिया ऑपरेशनों की कहानी बयां करती है।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित, “धुरंधर द रिवेंज” 19 मार्च को पांच भाषाओं – हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी।