Haridwar: हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली प्लास्टिक गलाने की अवैध इकाइयों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी हरिद्वार के पास क्षेत्र में प्लास्टिक गलाकर प्रदूषण फैलाने की शिकायत मिलने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने दादूपुर गोविंदपुर इलाके में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक गलाकर उससे गुल्ला (प्लास्टिक दाने) बनाने का काम कर रही दो अवैध इकाइयों में लगी पांच मशीनों को सीज कर दिया गया। टीम ने मौके पर जांच के दौरान पाया कि इन मशीनों के माध्यम से बिना अनुमति प्लास्टिक गलाने का काम किया जा रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलने की शिकायत लगातार सामने आ रही थी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की शिकायत थी कि यहां प्लास्टिक गलाने के कारण धुआं और दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों इकाइयों में संचालित पांच मशीनों को सीज कर दिया। साथ ही संचालकों को चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति इस प्रकार की गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकतीं और भविष्य में यदि दोबारा इस तरह की शिकायत मिलती है तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर राजेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यदि कहीं भी बिना अनुमति प्लास्टिक गलाने या प्रदूषण फैलाने से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती पाई गईं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर कार्रवाई जारी रहेगी।