Kashmir: श्रीनगर में सुबह मौसम करवट लेता दिखा और लंबे वक्त से जारी खुश्क मौसम का दौर खत्म हुआ। घाटी के कुछ हिस्सों में बारिश हुई और न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 10.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग सात डिग्री कम है। लोगों के लिए दिन की शुरुआत इससे बेहतर क्या हो सकती थी।
घाटी में वसंत का मौसम अपने साथ बारिश भी लेकर आया। मंगलवार को मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। इसका लोगों को बेसब्री से इंतजार था क्योंकि इस बार सर्दी का सीजन भी सूखा ही रह गया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में घाटी में मौसम वैसा ही रहेगा जैसा आम तौर पर बसंत के दौरान दिखता है।
बारिश और बर्फबारी की वजह से खुश्क मौसम से मिली राहत ने लोगों के चेहरों पर खुशी बिखेर दी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जम्मू कश्मीर में लगातार सातवीं बार शीतकालीन वर्षा में कमी दर्ज की गई है, जिसमें 2025-26 की दिसंबर से फरवरी की अवधि में सामान्य से 65 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
वहीं दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के दौरान इस इलाके में सामान्य 284.9 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले सिर्फ 100.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो हाल के रिकॉर्ड में सबसे शुष्क सर्दियों में से एक है।