Badshah: सोना मोहपात्रा ने बादशाह पर साधा निशाना, कहा- अपने गानों में वो महिलाओं को वस्तु की तरह करते हैं पेश

Badshah: गायिका सोना मोहपात्रा ने रैपर बादशाह के नए गाने “टटीरी” में स्त्री-विरोधी विचारों के इस्तेमाल की कड़ी आलोचना की। इस गीत के आपत्तिजनक बोल और दृश्यों के कारण भारी विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणवी भाषा में ये गीत 1 मार्च को रिलीज़ होने के बाद बादशाह विवादों में घिर गए। अश्लील बोल और अनुचित दृश्यों के कारण इस गीत को भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके चलते पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और राज्य आयोग ने उन्हें तलब किया।

रैपर बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह है। उन्होंने इस विवाद के बाद गाने के लिए मापी मांगी और इसे सोशल मीडिया से हटा दिया। अब सोना मोहपात्रा ने बादशाह पर अपने गानों में महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करने का आरोप लगाया है।

इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा। “यह पैटर्न हमने पहले भी कई बार देखा है। एक आदमी सीना फुलाकर, अपनी मर्दानगी का प्रदर्शन करते हुए, महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करता है और खुद को नायक के रूप में दिखाता है, जबकि महिलाएं सिर्फ उसके आसपास मंडराती रहती हैं। ‘तू मुझ पर मरती है, मुझ पर जान फेंकती है’ जैसे बेतुके दिखावे… ये क्रिएटिविटी नहीं है। यह पॉप संस्कृति का सबसे घिसा-पिटा तरीका है।”

बादशाह ने माफीनामे वाले वीडियो में खुद को “हरियाणा का बेटा” कहा था। इस पर सोना मोहपात्रा ने कहा कि ये काफी नहीं है। उन्होंने आगे कहा, “हरियाणा पहले से ही देश के सबसे खराब लिंग अनुपात, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और ऑनर किलिंग जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। क्या सांस्कृतिक प्रभाव की भी कोई जिम्मेदारी होती है? कलाकार कल्पना को आकार देते हैं। आप स्त्री द्वेष को चुनौती दे सकते हैं या उससे लाभ उठा सकते हैं। बादशाह और उनके जैसे लोग, सुधार करें।”

पिछले हफ्ते हरियाणा पुलिस ने पंचकुला निवासी की शिकायत के आधार पर बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो में आपत्तिजनक बोल और सीन के इस्तेमाल के आरोप में कई कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की।

रैपर के खिलाफ महिला अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 और बीएनएस की धारा 296 (अश्लील कृत्य और गीत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद, “अभी तो पार्टी शुरू हुई है” और “गेंदा फूल” जैसे गानों के लिए मशहूर 40 साल के रैपर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा कर गाने के लिए माफी मांगी।

उन्होंने कहा, “मेरा नया गाना रिलीज़ हो गया है और मैं देख रहा हूं कि इसके बोल और सीन को लेकर बहुत से लोग, खासकर हरियाणा के लोग आहत हुए हैं। सबसे पहले, मैं कहना चाहता हूं कि मैं हरियाणा से हूं। जो लोग मुझे जानते हैं, वो इस बात को जानते हैं कि मेरी पूरी पहचान हरियाणा से जुड़ी है। मुझे हरियाणवी होने पर गर्व है।”

बादशाह ने कहा कि उनका हमेशा से इरादा हरियाणा की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा है और इस गाने से किसी को भी आहत करने का उनका कोई इरादा नहीं था। उन्होंने आगे कहा, “मेरा इरादा कभी भी हरियाणा की किसी महिला या बच्चे के बारे में इस तरह से बात करने का नहीं था। मैं हिप-हॉप शैली से हूं, इसलिए मेरे गानों के बोल अक्सर प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। ये गाना कभी भी महिलाओं या बच्चों के लिए नहीं था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *