Zeenat Aman: अभिनेत्री जीनत अमान ने कहा कि औपचारिक प्रशिक्षण न मिलने की वजह से वो खुद को एक आत्मविश्वास से भरे डांसर के तौर कभी नहीं देख पाईं।
यही वजह रही कि निर्देशक भी उन्हें ऐसी फिल्म या प्रोजेक्ट देने से बचते थे जिसमें ‘टफ डांस’ की मांग होती थी। हालांकि वो डांस को लेकर उनके प्राकृतिक अंदाज को पसंद करते थे।
जीनत ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 1979 की फिल्म “द ग्रेट गैंबलर” के गाने “ओह दीवानों दिल संभालो” का वीडियो क्लिप साझा किया।
आशा भोसले द्वारा गाए इस गाने को अपना पसंदीदा बताते हुए अमान ने कहा कि ये एक ऐसी महिला के आत्मविश्वास और बिंदास अंदाज को दर्शाता है जो अपने आकर्षण को भली-भांति जानती हैं।
उन्होंने लिखा, “‘द ग्रेट गैंबलर’ का एक और हिट गाना! ‘दो लफ्जों की’ फिल्म का सबसे लोकप्रिय गाना था, लेकिन ये मेरा पसंदीदा है। इसमें कोई बनावटी रोमांस नहीं है। बस एक ऐसी महिला का आत्मविश्वास और बिंदास अंदाज है जो अपनी आकर्षण शक्ति को भली-भरी जानती है।”
उन्होंने कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी बताया है, डांस के मामले में मुझमें वो आत्मविश्वास नहीं था क्योंकि उस समय की ज्यादातर अभिनेत्रियों की तरह मुझे कोई औपचारिक प्रशिक्षण नहीं मिला था। फिर भी, मैं अच्छी तरह से नाच सकती थी और कई निर्देशकों ने महसूस किया कि मुझे मेरे अपने अंदाज में नाचने देना, मुझसे जटिल कोरियोग्राफी करवाने की कोशिश में खुद को परेशान करने से बेहतर है!”