Mojtaba Khamenei: मोजतबा खामेनेई, ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के दूसरे बेटे हैं। सार्वजनक रूप से वो कम दिखाई देते हैं, लेकिन अली खामेनेई की मौत के बाद उन्हें संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था।
मोजतबा खामेनेई का जन्म 1969 में मशहद शहर में हुआ था। उन्होंने बचपन से ही अपने पिता अली खामेनेई को शाह मोहम्मद रजा पहलवी का विरोध करते पाया। मोजतबा खामेनेई ने ईरान के पहले सर्वोच्च नेता रुहोल्लाह खुमैनी के बेटे अहमद खुमैनी की तरह भूमिका निभाई है। उन्हें एक भरोसेमंद, ‘पावर ब्रोकर’ और ‘गेटकीपर’ कहा जाता है।
हालांकि, समय के साथ उन्होंने प्रभावशाली मौलवियों और शक्तिशाली सुरक्षा संस्थानों, खासकर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के साथ करीबी संबंध बनाए। मोजतबा खामेनेई ने कभी भी निर्वाचित या आधिकारिक रूप से नियुक्त सरकारी पद नहीं संभाला है, फिर भी ये माना जा रहा है कि उन्होंने पर्दे के पीछे राजनैतिक फैसले लेने में अहम भूमिका निभाई है।
सर्वोच्च नेता के रूप में नियुक्ति के साथ ही मोजतबा खामेनेई ईरान की राजनीतिक और सैन्य संस्थाओं के प्रमुख बन गए हैं। ये पद उन्हें सशस्त्र बलों, राज्य की प्रमुख संस्थाओं और परमाणु कार्यक्रम पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार देता है।