Uttarakhand Budget: उत्तराखंड के बजट सत्र का आगाज हो चुका है…राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट की शुरुआत हुई…बजट सेशन पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बजट अच्छा होगा और सभी की उम्मीदों को पूरा करेगा। विपक्ष के विरोध का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हमने पिछली बार भी उन्हें चर्चा के लिए बुलाया था और आज भी चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सेशन चलाने में जनता का पैसा और सरकारी रिसोर्स लगे हैं और हर मिनट बहुत कीमती है।
हालांकि सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जनमुद्दों से बचने के लिए सत्र की अवधि कम रख रही है। इस पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि विपक्ष चर्चा के बजाय केवल हंगामा करने में विश्वास रखता है और वह नहीं चाहता कि सदन सुचारू रूप से चले। सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर सदन तक तीखी नोकझोंक देखने को मिली है।
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान ही कांग्रेस विधायकों ने सदन के बाहर और भीतर जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि संसदीय परंपराओं के विपरीत पहली बार राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जा रहा है। विपक्ष ने इसे सरकार की जनमुद्दों से भागने की रणनीति बताते हुए सत्र की अवधि कम से कम 21 दिन करने की मांग की और सदन से वॉकआउट कर दिया।