T20 WC: सेमीफाइनल के सफर में बीच में लडखडाने वाली भारतीय टीम को अब गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले टी20 विश्व कप के अंतिम चार के मुकाबले में इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों की चुनौती का सामना करना होगा। इस हाई-प्रेशर नॉकआउट मुकाबले में दोनों टीमें बेहतरीन प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी।
टूर्नामेंट की शुरुआत में प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय टीम मजबूत टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाई है। हालांकि, सुपर 8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद लचीला रुख अपनाकर उन्होंने खुद को काफी फायदा पहुंचाया है।
इंग्लैंड के विल जैक्स पावरप्ले में अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से अभिषेक को परेशान कर सकते हैं। जोफ्रा आर्चर शरीर को निशाना बनाकर की गई शॉर्ट पिच गेंदों से सैमसन की परीक्षा ले सकते हैं। जबकि सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और ईशान किशन समेत भारतीय बल्लेबाजों को इस पिच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी को सटीक गेंदबाजी करनी होगी, जबकि जसप्रीत बुमराह तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे। इस मुकाबले से पहले सारा ध्यान खराब फॉर्म में चल रहे जोस बटलर पर केंद्रित रहेगा और ये देखना होगा कि इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अपनी लय हासिल कर पाएगा या नहीं।
बहरहाल दोनों टीम एक-दूसरे के खेल से अच्छी तरह परिचित हैं और ऐसा नहीं कहा जा सकता कि किसी टीम को कुछ विशेष फायदा मिलेगा।