West Asia: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच फंसे भारतीय विशेष उड़ानों से सुरक्षित घर लौटे

West Asia: सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में फंसे कई भारतीय तड़के हैदराबाद और कोचीन के लिए जारी हुई वाणिज्यिक उड़ानों से सुरक्षित भारत लौट आए। स्वदेश लौटे इन लोगों के अलावा युद्धग्रस्त पश्चिम एशिया से फंसे अन्य लोगों को वापस लाने के प्रयास अभी भी जारी हैं।

जेद्दा से आए यात्री हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और उन्होंने देश वापस लाने के लिए की गई व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया। स्वदेश लौटे कुछ यात्रियों ने कहा कि जेद्दा सुरक्षित था और भारत लौटने की उनकी व्यवस्था अच्छी तरह से की गई थी लेकिन सऊदी अरब में कम समय तक रह पाने पर उन्होंने निराशा जताई।

संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से एक विशेष चार्टर फ्लाइट बुधवार को सुबह 4:30 बजे 186 यात्रियों के साथ कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। स्वदेश लौटे यात्रियों ने बताया कि यूएई में हालात काबू में है और वहां के अधिकारी लोगों की सुरक्षा के लिए काफी सजग हैं।

उमरा के लिए सऊदी अरब गए भारतीयों को ईरान और इजराइल-अमेरिका गठबंधन के बीच चल रहे युद्ध के कारण स्वदेश लौटना पड़ा।

भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वो पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र के बदले हालात और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर उसके प्रभाव पर बारीकी से नजर रख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *