West Asia: पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में तनाव के बीच दिया शांति का संदेश

West Asia: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। ईरान की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर बढ़ते हमलों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और फिर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हालात की जानकारी ली और भारत की एकजुटता जताई। इस बात की जानकारी खुद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी.

यूएई के राष्ट्रपति से की बातचीत
उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है और इन हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख जताया है, उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है।

यूएई के राष्ट्रपति का किया धन्यवाद
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद किया, यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम करते हैं और रहते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर भारत सरकार लगातार संपर्क में है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में यह भी कहा कि भारत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है। उन्होंने तनाव कम करने (डी-एस्केलेशन) पर जोर दिया और कहा कि सभी पक्षों को मिलकर शांति बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए।

हालांकि यूएई में रहने वाले भारतीय लोगों को लेकर अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि हमले में घायल भारतीय नागरिक अस्पताल में उपचार के बाद सुरक्षित है। दूतावास लगातार अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। मिशन ने कहा कि घायल भारतीय को हर संभव सहायता दी जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *