Dhaka Bus Service: भारत-बांग्लादेश के बीच फिर दौड़ी ‘रॉयल मैत्री’, 18 महीने बाद बस सेवा बहाल

Dhaka Bus Service: भारत और बांग्लादेश के बीच सुधरते रिश्तों की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, अगरतला-ढाका-कोलकाता अंतरराष्ट्रीय बस सेवा फिर से शुरू हो गई। ये सेवा 18 महीने बाद शुरू हुई है। बस अगरतला-अखौरा इंटीग्रेटेड लैंड पोर्ट के रास्ते पहुंची, जहां त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने दूसरे गणमान्य लोगों के साथ इसका स्वागत किया। सीमा पार संपर्क बहाली की दिशा में ये अहम मोड़ है।

बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल की वजह से ‘रॉयल मैत्री’ अंतरराष्ट्रीय सेवा निलंबित कर दी गई थी। इससे वीजा संबंधी समस्याएं पैदा हुईं। अब ढाका में नई सरकार और हालात बदलने के साथ, बस परिचालन फिर से शुरू हो गया है। यात्रियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आपसी रिश्ते मजबूत होंगे और दोनों देशों के बीच यात्रा आसान होगी।

यात्रियों का कहना है कि “मैं यहां कई बार आया हूं। मेरा मानना है कि ये पहले के मुकाबले बेहतर सेवा है। बस सेवा बंद होने से हमें बहुत परेशानियां झेलनी पड़ीं। खासकर समय को लेकर। कई पाबंदियां थीं और रूट का इस्तेमाल भी नहीं हो पा रहा था। इस सेवा के फिर से शुरू होने से हमें बड़ी राहत मिली है। हमें विश्वास है कि दोनों देशों के संबंध भी बेहतर होंगे।”

यात्रियों ने कहा कि इस सेवा के फिर से शुरू होने से उन लोगों को बहुत राहत मिलेगी जो परिवार, काम और दूसरी वजहों के लिए अक्सर सीमा पार यात्रा करते हैं।

अगरतला में बांग्लादेश सहायक उच्चायोग में वीजा सेवाएं भी सोमवार से फिर से शुरू हो गईं। इससे लंबे समय तक निलंबन से प्रभावित लोगों के लिए यात्रा आसान हो गई है। अगरतला-ढाका-कोलकाता मार्ग एक प्रमुख गलियारा है, जिसमें कम समय में यात्रा पूरी होती है। ये दोनों देशों के साथ-साथ त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के बीच लोगों के आपसी संबंधों को भी मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *