Keralam: केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने से राज्य की विरासत पूरी तरह से प्रकट होगी- अमित शाह

Keralam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने से राज्य की विरासत पूरी तरह से प्रकट होगी और उसका गौरव बरकरार रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए इस निर्णय की सराहना करते हुए शाह ने एक्स पर किए पोस्ट में ‘केरलम’ के लोगों को बधाई दी।

उन्होंने कहा, “केरलम के लोगों को हार्दिक बधाई। मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने का निर्णय राज्य के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘केरलम’ नाम राज्य की विरासत को पूरी तरह से प्रकट करेगा और उसका गौरव बरकरार रखेगा।”

राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले लिया गया ये फैसला प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री कार्यालय के नए परिसर सेवा तीर्थ में आयोजित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिया गया। केरल विधानसभा चुनाव इस वर्ष अप्रैल में होने हैं और 140 सदस्यीय वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को खत्म हो रहा है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद भारत के राष्ट्रपति संविधान के अनुच्छेद तीन के प्रावधान के तहत केरल विधानसभा को केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 भेजेंगे, ताकि विधानसभा इस पर अपने विचार व्यक्त कर सके।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह कहा गया है, केरल विधानसभा के विचार प्राप्त होने के बाद भारत सरकार केरल का नाम बदलकर केरलम करने के लिए संसद में केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 पेश करने हेतु राष्ट्रपति की सिफारिश प्राप्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *