T20 World Cup: इस दिन खेला जाएगा महिला टी20 विश्वकप का भारत-पाकिस्तान महामुकाबला

T20 World Cup: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी, 12 जून से पांच जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में होने वाला यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पड़ाव माना जा रहा है। खास बात यह है कि ग्रुप चरण में ही भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी, जिससे टूर्नामेंट को जबरदस्त शुरुआत मिलने की उम्मीद है। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन में खेला जाएगा।

पिछले महीने नेपाल में खेले गए क्वालिफायर के बाद 12 टीमों का लाइन-अप तय हुआ। मेजबान इंग्लैंड के अलावा बांग्लादेश, आयरलैंड, नीदरलैंड और स्कॉटलैंड ने भी क्वालिफिकेशन के जरिए जगह बनाई। इस बार यूरोपीय देशों की भागीदारी खास है। इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड जैसे चार यूरोपीय देशों की मौजूदगी के साथ टूर्नामेंट में एक-तिहाई टीमें यूरोप से हैं, जो इस प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार हुआ है।
14 जून को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला
भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप चरण का मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसे मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के साथ भारत के मुकाबले भी रोमांचक रहने वाले हैं।
आईसीसी का बयान
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ‘महिला टी20 विश्व कप 2026 के शेड्यूल का जारी होना एक अहम पड़ाव है। यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट में हमारे निरंतर निवेश और उसके वैश्विक विस्तार को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि यह प्रतियोगिता खेल के विकास की अगली निर्णायक कहानी लिखेगी।’
महिला क्रिकेट का रोमांच
इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले, ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका की टक्कर और मेजबान इंग्लैंड के अहम मैच इस प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए तैयार हैं। महिला टी20 विश्व कप 2026 न केवल क्रिकेट के रोमांच का उत्सव होगा, बल्कि यह महिला खेलों के नए युग की भी घोषणा करेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *