Ayodhya: रामलला की नगरी अयोध्या में उमड़ रहे आस्था के समंदर के बीच अब श्रद्धालुओं की राह और भी आसान होने वाली है। नया घाट पर शुरू हुआ भव्य ‘पर्यटक सहायता केंद्र’ न केवल भक्तों को दर्शन की सही राह दिखाएगा, उत्तर प्रदेश में रामनगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए हर रोज लाखों लोग पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने खास पर्यटक सहायता केंद्र की शुरुआत की है।
इस केंद्र के जरिए श्रद्धालु प्रमुख मंदिरों, दर्शनीय स्थलों, आवास व्यवस्था, परिवहन, मार्गदर्शन और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी एक ही जगह पर हासिल कर सकेंगे, उनके लिए ये बड़ी राहत होगी।
अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि “लता चौक के पास पर्यटन सहायता केंद्र बनाया गया है, जिससे मेन उद्देश्य है जो पर्यटक आ रहे हैं उनको सूचनाएं वहां पर एकत्रित हो जाएं। उनको गाइडेंस मिल जाए कि शहर में किस तरह जाना है क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं और कौन-कौन से पर्यटक स्थल हैं जहां पर वो जा सकते हैं, शहर में आ सकते हैं। तो ये एक बहुत अच्छी फैसिलिटी है जिसको विभाग द्वारा डेवलप किया गया है और उसको अच्छे से चलाने के लिए विभाग आगे कार्य करेगा।”
अधिकारियों का कहना है कि हाल के सालों में सैलानियों की लगातार बढ़ती संख्या की वजह से बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने, नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने और ऑन-ग्राउंड सपोर्ट सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही थी।
इसके साथ ही महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि “जिस तरह से पर्यटकों का आवागमन है। जिस तरह से यहां पर पिछले गत वर्ष में 11 करोड़ से ज्यादा लोग आए। अयोध्या में अब पर्यटकों की सुविधाओं के लिए तमाम प्रयास किए भी जा रहे हैं। पर्यटन मंत्राल्य भी और अन्य मंत्राल्य भी अयोध्या में तमाम चीजों को उस तरह से विकसित कर रहे हैं कि अयोध्या आने वाले किसी व्यक्ति को कोई असुविधा न हो।
इसी दृष्टिकोण से यहां पर पर्यटक सहायता केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर आने वाले किसी टूरिस्ट को कोई असुविधा न हो इसके लिए यहां ऑफिस बनाया गया है। इसके अलावा हम लोग ऐप-आधारित बहुत सी सेवाएं दे रहे हैं। जो लोग ऐप चलाने में कुशल हैं वो जानते हैं इन सब चीजों की कि कैसे हम लोगो ने ऐप में जाकर अयोध्या की पर्यटन से संबंधी सुविधाओं का आनंद ले सकते हैं।”
अधिकारियों का कहना है कि नया घाट पर बना ये पर्यटक सहायता केंद्र, मंदिरों के शहर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को ज्यादा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाएगा।