Rajpal Yadav: राजपाल यादव ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के समर्थन के लिए जताया आभार

Rajpal Yadav: अभिनेता राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद फिल्म उद्योग और प्रशंसकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उन्होंने जेल अधिकारियों से परिसर के अंदर धूम्रपान के लिए खास जगह बनाने का आग्रह किया। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद शाहजहांपुर जिले में अपने पुश्तैनी गांव में पीटीआई वीडियो से राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें प्रशंसकों का बहुत प्यार मिला है।

जेल सुधारों का मुद्दा उठाते हुए, अभिनेता ने ‘‘रेलवे स्टेशनों और हवाई अडडों की तरह जेलों के अंदर धूम्रपान के लिए खास जगह बनाने’’ का सुझाव दिया और कहा कि जेलों को ‘सुधार केंद्र’ के तौर पर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैदियों को बदलने के लिए सही मौके दिए जाने चाहिए, हालांकि जो लोग सुधार नहीं करना चाहते, उनके लिए कानून सबसे ऊपर है।

राजपाल यादव ने कहा, ‘‘बाहर से ये तय करना अक्सर मुश्किल होता है कि कौन बड़ा अपराधी है और किसने एक बार गलती की है।’’ यादव ने कहा कि चेक बाउंस मामले से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं पर उनके वकील ध्यान देंगे, क्योंकि ये मामला अदालत में विचाराधीन है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे वकील भास्कर उपाध्याय सभी कानूनी सवालों का आधिकारिक जवाब देंगे।’’ यादव ने ये भी कहा कि वे परिवार में शादी के कारण अगले दो दिनों तक मीडिया से बात नहीं करेंगे और बाद में एक पत्रकार वार्ता के जरिए सवालों के जवाब देंगे। यादव ने कहा कि उनका जन्म भारत में हुआ है, उन्होंने कभी अपना पासपोर्ट नहीं बदला और वे अपने गांव में मतदाता बने रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी कमाई बढ़ाना चाहता हूं, अपनी करेंसी नहीं बदलना चाहता।’’ यादव ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनकी तस्वीरों या वीडियो से दूसरों को फायदा होता है या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘राजपाल यादव पर हंसो या राजपाल यादव की वजह से हंसो।’’

अभिनेता को राहत देते हुए, दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को चेक बाउंस मामलों में उनकी सजा 18 मार्च तक स्थगित कर दी और उन्हें जेल से रिहा करने की इजाजत दे दी। न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा ने ये आदेश तब दिया जब यादव ने शिकायत करने वाली कंपनी ‘मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा किए थे।

तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण के बाद, अभिनेता सोनू सूद और गुरमीत चौधरी के साथ-साथ संगीतकार राव इंद्रजीत यादव ने राजपाल के परिवार को आर्थिक मदद की पेशकश की है और दूसरों से भी मदद करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *