T20 World Cup: क्रिकेट जगत में हमारा लक्ष्य और ज्यादा सम्मान हासिल करना, सुपर आठ में क्वालीफाई पर बोले सिकंदर रजा

T20 World Cup: जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने मंगलवार को कहा कि टी20 विश्व कप के सुपर आठ में पहुंचना उनके लक्ष्यों में से एक है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम का बड़ा लक्ष्य विश्व क्रिकेट में और ज्यादा सम्मान हासिल करना है। बारिश के कारण आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप बी का मैच रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे पहली बार टी20 विश्व कप के सुपर आठ में पहुंचा। इस बारिश के कारण पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। साझा अंकों के आधार पर जिम्बाब्वे के कुल अंक पांच हो गए, जो सुपर 8 में जगह पक्की करने के लिए काफी थे। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजा ने कहा, “इतिहास में पहली बार एक मैच शेष रहते सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। ये एक ऐसी उपलब्धि है जिसका आनंद हमारे पूरे देश और जनता को उठाना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हां, सुपर 8 में जगह बनाना एक उपलब्धि है, लेकिन ये हमारा पूरा लक्ष्य नहीं है। ये तो बस एक उपलब्धि है, लेकिन हमें अभी और भी बहुत कुछ हासिल करना है और हम सभी इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि टीम मेजबान श्रीलंका के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच पर ध्यान दे रही है और उसके बाद एक-एक मैच पर ध्यान देगी।

उन्होंने कहा, “हमारे लक्ष्यों में से एक यह भी था कि हम अपने देश को और अधिक पहचान और सम्मान दिलाएंगे।” सिकंदर रजा ने कहा, “हम श्रीलंका के खिलाफ तैयारी कर रहे हैं और उसके बाद जो भी होगा, हम एक-एक मैच पर ध्यान देंगे।”

अब 26 फरवरी को पहले सुपर आठ मुकाबले में चेन्नई में जिम्बाब्वे का सामना भारत से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *