Rani Mukerji: अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने कहा कि वो अपनी नई फिल्म ‘मर्दानी 3’ की बॉक्स ऑफिस सफलता से खुश हैं और इससे दूसरे निर्माताओं को भी ऐसी फिल्में बनाने की प्रेरणा मिलेगी। ‘मर्दानी 3’ में पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका को दोहराने वाली अभिनेत्री ने कहा कि ये फिल्म लोगों को प्रेरित करती है और जागरूकता फैलाती है।
उन्होंने कहा, “ये जरूरी था कि फिल्म को थिएटर में ऑडियंस से प्यार मिले। मैं बता नहीं सकती कि रिलीज के बाद दर्शकों से मिले प्यार को देखकर मैं कितनी खुश हूं। एक महिला प्रधान फिल्म को दर्शकों से ऐसी प्रतिक्रिया मिलना इंडस्ट्री के लिए भी अच्छा संकेत है।”
30 जनवरी को रिलीज होने के बाद से, “मर्दानी 3” ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 42 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। ये फिल्म फ्रैंचाइजी की तीसरी किस्त है जिसमें 2014 की “मर्दानी” और “मर्दानी 2” (2019) शामिल हैं।
फिल्म को अभिराज मीनावाला ने डायरेक्ट किया है और रानी के पति आदित्य चोपड़ा ने यशराज फिल्म्स बैनर के तहत इसे प्रोड्यूस किया है। रानी मुखर्जी ने कहा, “मुझे खुशी है कि हम वैलेंटाइन्स डे से एक दिन पहले फिल्म की सफलता का जश्न मना रहे हैं, सबसे पहले खुद से प्यार करना जरूरी है। जब तक हम खुद से प्यार नहीं करेंगे, हम दूसरों को प्यार नहीं दे पाएंगे।”
फिल्म इंडस्ट्री में 30 साल पूरे करने वाली रानी मुखर्जी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वक्त में भी प्रशंसकों से यही प्यार और समर्थन मिलेगा।
47 साल की अभिनेत्री ने कहा, “मुझे उम्मीद है और मैं प्रार्थना करती हूं कि मेरी फिल्मों को अगले 30 सालों तक प्यार और सपोर्ट मिले। मैं ऐसी फिल्में करती रहूंगी जो न सिर्फ लोगों का मनोरंजन करेंगी बल्कि उन्हें प्रेरित भी करेंगी।”