Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (एएपी) से कहा कि वे लोगों का ध्यान भटकाने के बजाय अपने वादे पूरे करे। सैनी ने एएपी विधायक नरिंदर कौर भराज के उस आरोप को एक बार फिर निराधार बताया, जिसमें कहा गया था कि सैनी ने उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का टिकट देने की पेशकश की थी।
संगरूर विधानसभा सीट से एएपी विधायक भराज ने ये भी दावा किया था कि सैनी ने उन्हें बंद कमरे में बैठक का प्रस्ताव दिया था। सैनी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए फरीदाबाद में गुरुवार शाम संवाददाताओं से कहा कि वे न तो भराज को जानते हैं और न ही उनके निर्वाचन क्षेत्र को।
सैनी ने कहा, ‘‘आरोप है कि ऑपरेशन लोटस के तहत उनसे (भराज से) संपर्क किया गया और टिकट की पेशकश की गई। टिकट की पेशकश के साथ-साथ और भी कई प्रस्ताव दिए गए… ये निराधार आरोप है।’’ उन्होंने कहा कि अतीत में भी एएपी नेताओं ने बिना किसी प्रमाण के ऐसे आरोप लगाए हैं।
सितंबर 2022 में, जब भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में एएपी की पहली सरकार बनी थी, तब पार्टी ने बीजेपी पर ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिये उसकी सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाया था और दावा किया था कि उसके 10 विधायकों से संपर्क किया गया।
सैनी ने कहा, ‘‘एएपी अपने गलत कार्यों को छिपाने के लिए लोगों का ध्यान भटका रही है।’’ उन्होंने आम आदमी पार्टी पर पहले दिल्ली में और अब पंजाब में सरकारी विद्यालयों और मोहल्ला क्लीनिक को सर्वश्रेष्ठ बताने का झूठा विमर्श गढ़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और भगवंत मान ने पंजाब की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना चाहिए। उन्हें ध्यान भटकाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।’’ पंजाब की लगातार यात्राओं को लेकर हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए सैनी ने कहा कि वे जनता के निमंत्रण पर वहां जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस और फिर आप को वोट देने वाले लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब की स्थिति देखिए, चाहे कानून व्यवस्था हो, रोजगार हो, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने की बात हो या महिलाओं से किए गए वादे हों, आम आदमी पार्टी ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। खासकर, कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डरते हैं।’’
उन्होंने एएपी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उनपर बड़े-बड़े दावे करने और उन्हें पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। सैनी ने कहा, ‘‘वे (केजरीवाल) ने कहा कि वे पंजाब में (फसल नुकसान की स्थिति में) किसानों को 20 हजार रुपये एकड़ दे रहे हैं, जबकि गुजरात में कह रहे हैं कि वहां 50 हजार रुपये प्रति एकड़ दिया जा रहा है। वे इस तरह लोगों को धोखा नहीं दे सकते।’’
बीजेपी की हरियाणा इकाई ने भी गुरुवार को एएपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि अरविंद केजरीवाल-नीत पार्टी की राजनीति “झूठ, साजिश और नाटक” पर आधारित है।