Honey Singh: लोकप्रिय भारतीय रैपर यो यो हनी सिंह ने हॉलीवुड में कदम रखने के संकेत दिए हैं। उन्होंने अमेरिकी रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर अली डी थियोडोर से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा—“अब हॉलीवुड टाइम है।”
हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर अली डी थियोडोर के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। फोटो के कैप्शन में हनी सिंह ने लिखा, “It’s Hollywood time now!! Much love and respect @alideeofficial”
अली डी थियोडोर ने भी यही तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की और हनी सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “मैंने जितने भी प्रोड्यूसर सुने हैं, उनमें से ये सबसे प्रतिभाशाली हैं।”
अली डी थियोडोर 1980 और 1990 के दशक में हिप-हॉप रिकॉर्डिंग्स के लिए जाने जाते रहे हैं। बाद में उन्होंने फिल्म और टेलीविजन के लिए संगीत निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया। वह न्यूयॉर्क स्थित म्यूजिक प्रोडक्शन कंपनी ‘डीटाउन एंटरटेनमेंट’ के प्रमुख भी रहे हैं।
थियोडोर ‘एल्विन एंड द चिपमंक्स’ फ्रेंचाइजी की तीन फिल्मों में एग्जीक्यूटिव म्यूजिक प्रोड्यूसर रह चुके हैं। इसके अलावा, डिज्नी के ‘मिक्की माउस’ के 90वें ग्लोबल सेलिब्रेशन के लिए उन्होंने “It’s a Good Time” नामक ओरिजिनल सिंगल लिखा और प्रोड्यूस किया था।
हनी सिंह की इस मुलाकात के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि वह जल्द ही अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में नजर आ सकते हैं।