Maharashtra: महाराष्ट्र के 12 जिलों में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतदान शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ, सुबह 9:30 बजे तक शहर में 7.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उप-मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने बड़े बेटे पार्थ पवार के साथ बारामती के काटेवाड़ी गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में वोट डाला, उन्होंने राज्य भर के नागरिकों से उज्ज्वल भविष्य के लिए इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर की जिला परिषदों तथा उनके अंतर्गत आने वाली पंचायत समितियों में प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान हो रहा है। मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक जारी रहेगा। मतगणना नौ फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद आदर्श आचार संहिता हटा ली जाएगी।
यह मतदान मूल रूप से पांच फरवरी को होना था, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इसके बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। कुल 2,624 उम्मीदवार 731 जिला परिषद सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 369 सीट महिलाओं के लिए, 83 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति और 191 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं।
इसी तरह 4,814 उम्मीदवार 1,462 पंचायत समिति सीट के लिए मैदान में हैं। इनमें 731 सीट महिलाओं के लिए, 166 अनुसूचित जाति, 38 अनुसूचित जनजाति और 342 ओबीसी के लिए आरक्षित हैं। मतदाता सूची में 1,06,33,269 पुरुष, 1,01,86,965 महिलाएं और अन्य श्रेणी के 468 मतदाता शामिल हैं। कुल 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए लगभग 1.28 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है।