Rasha Thadani: अभिनेत्री राशा थडानी ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म लैकी लैका के गाने ‘छाप तिलक’ के जरिए सिंगिंग में डेब्यू किया है। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता अभय वर्मा नजर आएंगे। राशा के लिए यह मौका किसी सपने के सच होने जैसा है।
राशा थडानी का कहना है कि परफॉर्मिंग आर्ट्स हमेशा से उनकी जिंदगी का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा, “म्यूजिक, डांस, सिंगिंग या एक्टिंग परफॉर्मिंग आर्ट्स मुझे हमेशा से पसंद रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने बहुत कम उम्र में संगीत की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी।
“मैं पांच साल की थी जब मैंने उस्ताद कादिर मुस्तफा खान से हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत सीखना शुरू किया। उन्होंने मुझे बचपन से ट्रेन किया है। इसके अलावा मैंने जैज़ म्यूजिक भी सीखा है। म्यूजिक मेरे लिए एक तरह का सुकून है। रियाज़ का वो एक घंटा सिर्फ आपका अपना होता है। सिंगिंग हमेशा से मेरा पैशन रहा है,” राशा ने कहा।
राशा के लिए ‘छाप तिलक’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि भगवान शिव को समर्पित एक श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया,
“मैं 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा कर चुकी हूं। मेरे लिए शिव सिर्फ एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा हैं। गाने में डमरू की बात होती है, तो मुझे नटराज के नृत्य की कल्पना होती है। डमरू की थाप नटराज के नृत्य का प्रतीक है। शिव कला और नृत्य के देवता हैं और यह गीत उन्हें समर्पित है। मेरी कला उन्हीं को अर्पित है।”
राशा थडानी को अपनी आवाज के लिए अभिनेता प्रभास से भी तारीफ मिली है, जिसे वह अपने लिए बड़ा कॉन्फिडेंस बूस्टर मानती हैं। उन्होंने कहा,
“प्रभास मुझे बहुत प्रेरित करते हैं। इतने बड़े स्टार होकर भी वह बेहद सरल और सहयोगी हैं। उनसे मिली तारीफ ने मुझे आगे और बेहतर करने की प्रेरणा दी है।”
राशा थडानी अब एक्टिंग के साथ-साथ म्यूजिक की दुनिया में भी अपने कदम मजबूती से बढ़ा रही हैं।