Rahul Vs Bittu: राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को बताया ‘गद्दार’, मचा बवाल

Rahul Vs Bittu: लोकसभा में रवनीत सिंह बिट्टू को राहुल गांधी द्वारा ‘गद्दार दोस्त’ कहे जाने पर बवाल मच गया है। राहुल गांधी द्वारा सदन के बाहर केंद्रीय मंत्री पर कसे गए तंज ने नया मोड ले लिया है। भाजपा राहुल गांधी पर सिखों के अपमान का आरोप लगा रही है।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच नोकझोंक देखने को मिली, जब संसद परिसर में कांग्रेस नेता ने उन्हें ‘ गद्दार ’ कहकर संबोधित किया और उसके जवाब में बिट्टू ने कांग्रेस नेताओं को ‘देश के दुश्मन’ बताया। ये घटना संसद के मकर द्वार के निकट घटी, जब वहां वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसद प्रदर्शन कर रहे थे।

कांग्रेस के नेता रह चुके बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे और वे टिप्पणी करते सुने गए कि ये (प्रदर्शन कर रहे सांसद) जंग जीतकर आए हैं। इस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा,‘‘देखिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है..मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आ जाओ।’’ इस पर बिट्टू ने कहा कि ‘‘ये देश के दुश्मन हैं।’’ राहुल गांधी ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बिट्टू से हाथ मिलाने का प्रयास किया, हालांकि बीजेपी नेता ने हाथ नहीं मिलाया और सीधे संसद भवन के अंदर चले गए।

बाद में इस पर बात करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, ‘स्पीकर साहब तो सदन के कस्टोडियन (संरक्षक) हैं। वह मालिक हैं, और कहां जाएगा आदमी? यहां पर अगर ये चीजें होगी और उनकी अच्छी फिटनेस है, हाथ हमारा भी भारी ही होता है, हल्का नहीं होता, लेकिन यह हमारा राजनीति में काम नहीं है। हमें जो भी बात करनी है, वह लहजे और लिहाज से करनी है, सही तरीके से करनी है। संसदीय भाषा में बात करनी चाहिए। ये लोग आज ताकत के बगैर मतलब गुंडागर्दी तक उतर आए हैं। इन्हें जनता देखेगी कि इनके साथ क्या करना है। ये करते क्या है, इनकी सोच क्या है। आज सामने आ गई।’

रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “वे समझते हैं कि सबसे बड़े देशभक्त हम ही हैं। मेरे पिता जी ने शहादत दी… मेरी पार्टी में यही लड़ाई थी कि आपके लगाए आग में हमारे गुरुद्वारा में गोली चली, स्वर्ण मंदिर में। हजारों सिखों को इन्होंने निशाना बनाकर कत्ल कराया। अगर राजीव गांधी का नाम शहीद में आता है तो सरदार बेअंत सिंह भी कहना पड़ता है। मैं उस परिवार से आता हूं ये तकलीफ है। अगर एक शहीद का पोता आपके(राहुल गांधी) साथ था तो ठीक था, अगर मैं भाजपा में हूं तो आपको तकलीफ है…जब उन्होंने ये कहके हाथ मिलाने आगे बढ़ाया तो मैंने कहा कि आप देश के गद्दार हो जो रोज सेना के खिलाफ बात करते हैं…मेरा गांधी परिवार के वारिस के साथ हाथ नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ये सिख को हमेशा निशाना बनाते रहे हैं, उसी तरीके से आज वे शब्द बोले। बाकी सांसद थे किसी ने कुछ नहीं कहा। हम सहकर्मी हैं रोज मिलते हैं लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा… राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं पता नहीं आज उन्हें क्या हुआ था क्या गुस्सा लेकर मन में बैठे थे… ये बोल कर उन्होंने हाथ आगे किया तो मैंने कहा कि आप मेरी बात छोड़िए आप क्या हैं? आप देश के सबसे बड़े गद्दार हैं और सिखों के कातिल हैं।”

इस पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर सिख धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया है, इस दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू एक सिख परिवार से आते हैं जिसने देश की सेवा की है, राहुल गांधी की गद्दार वाली टिप्पणी अस्वीकार्य है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस दौरान कहा कि इस शब्द का प्रयोग हल्के में नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इसका अर्थ है देश के साथ विश्वासघात करने वाला। यह सिख समुदाय के लिए एक गंभीर मुद्दा है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी रवनीत बिट्टू के पार्टी छोड़ने से नाराज हैं, लेकिन उन्होंने उनसे यह भी कहा कि आप वापस आएंगे। सिर्फ इसलिए कि एक पगड़ीधारी व्यक्ति आपकी पार्टी छोड़ देता है, आप उसे गद्दार कह देते हैं।

इसके साथ ही कहा कि गद्दार वह होता है जो देश के साथ विश्वासघात करता है- जो देश या उसके रहस्यों को बेच देता है। इस शब्द का हल्के में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। रवनीत सिंह बिट्टू सिर्फ लुधियाना से चुने गए सांसद नहीं हैं, वह सिर्फ एक ऐसे सिख परिवार से नहीं हैं जिसने देश की सेवा की है। उनके परिवार ने बलिदान दिए हैं, ऐसे व्यक्ति को गद्दार कहना अस्वीकार्य है। किसी भी समुदाय के किसी भी व्यक्ति को गद्दार कहना अस्वीकार्य है। संसद के अंदर और बाहर दोनों जगह संसदीय चर्चा शालीनता और सभ्य भाषा पर आधारित होनी चाहिए।’

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *