Silver Price: चांदी की आसमान छूती कीमतों की गाज अब एक ऐसी चीज पर गिरी है जिसकी उम्मीद कम थी। ये है ‘चांदी का वर्क’, यानी चांदी की बेहद पतली परत, जो मिठाइयों की शान और चमक बढ़ाती है।
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के मिठाई कारोबारियों का कहना है कि चांदी की कीमतों में भारी उछाल की वजह से वर्क की लागत लगभग दोगुनी हो गई है। महंगाई ने दुकानदारों को मिठाइयों पर चांदी के इस्तेमाल में कटौती करने पर मजबूर कर दिया है।
मिठाई की दुकान के मालिक प्रतीक अरोड़ा ने बताया कि “काफी परेशानी आ रही है जब से चांदी का रेट बढ़ना शुरू हुआ है, क्योंकि पहले क्या होता था मिठाई-विठाई पर लगाते थे, तो शो बढ़ती थी उस चीज की, लेकिन जब से महंगी हुई है, लगानी बंद कर दी है। दो-तीन दिन से गिर रही है तो थोड़ा राहत है लेकिन फिर भी बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है क्योंकि मिठाइयां देखिए बिना उसके फीकी-फीकी लगती हैं। चांदी के वर्क से शो आता है उसका।
ऑलमोस्ट डबल का फर्क आ गया है, जहां 130-140 का, डेढ़ सौ के आस-पास का पैकेट था, 300-325 का पैकेट हो गया है चांदी के वर्क का।”
व्यापारी चांदी की कीमतें कम करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस बर्फी की ट्रे पर कभी वर्क की सात परतें चढ़ाई जाती थीं, वहां अब नाममात्र का इस्तेमाल हो रहा है। चांदी की कीमत ज्यादा है, इसलिए धीरे-धीरे पिस्ता पाउडर और केसर जैसे विकल्प उसकी जगह ले रहे हैं। हालात ये हैं कि चांदी का वर्क अब सिर्फ प्रीमियम मिठाइयों तक ही सीमित है। छोटी-मोटी दुकानों से चांदी का वर्क लगी मिठाईयां खामोशी से गायब होती जा रही हैं।