Share Market: बजट के बाद बाजार में कोहराम, सेंसेक्स 1,500 से ज्यादा अंक टूटा

Share Market:  कारोबारी सत्र में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक भारी गिरावट के साथ बंद हुए। केंद्रीय बजट में की गई घोषणाओं पर बाजार की प्रतिक्रिया नकारात्मक थी, इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी लगभग दो प्रतिशत लुढ़क गए।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वायदा और विकल्प सेगमेंट में प्रतिभूति लेनदेन कर में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है। इसके बाद बिकवाली का दबाव तेज हो गया। प्रस्ताव से लेनदेन की लागत बढ़ जाएगी। इससे निवेशकों की सोच कमजोर हुई, खासकर उन शेयरों में जिनका डेरिवेटिव्स में ज्यादा एक्सपोजर है।

केंद्रीय बजट पर बाजार की प्रतिक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए रविवार को शेयर बाजार नियमित कारोबार के लिए खोले गए थे। 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स लगभग एक हजार 547 अंक टूटकर 80 हजार 723 पर, जबकि 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 495 अंक गिरकर लगभग 24 हजार 825 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स पैक में, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अदानी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, आईटीसी और टाटा स्टील को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, सन फार्मा और टाइटन फायदे में रहे। बाजार के जानकार शरद कोहली ने बताया कि  “इरादा पूरी तरह से सट्टेबाजी को रोकने का है। आज बाजार ‘ओवरसोल्ड’ स्थिति में चले गए। इसलिए बाजारों में सुधार होना चाहिए। बेशक, अंतरराष्ट्रीय कारक हमेशा भूमिका निभाते हैं और बाजार का भविष्य उन पर निर्भर करता है, लेकिन मूल रूप से व्यापारियों और निवेशकों को बजट की घोषणाओं को समझने में थोड़ा समय लगता है। इसलिए मुझे लगता है कि जैसे-जैसे घोषणाएं धीरे-धीरे बाजार में समाहित होंगी, बाजारों की प्रतिक्रिया सकारात्मक होगी। कई अच्छी घोषणाएं भी हुई हैं। ये बजट कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक पहुंचने वाला है। जहां तक एसटीटी की बात है, तो मुझे लगता है कि क्योंकि बाजार में बहुत सट्टेबाजी होती है, इसलिए हमें उस स्तर की प्रतिक्रिया देखने को मिली।”))

क्षेत्रीय मोर्चे पर आईटी शेयरों को छोड़कर सभी सूचकांकों में भारी बिकवाली का दबाव था। इसकी अगुवाई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, धातु, ऊर्जा, पूंजीगत सामान, तेल और गैस, बिजली, वित्तीय सेवाओं, एफएमसीजी और रियल्टी शेयरों ने की। रविवार को छुट्टी होने की वजह से एशियाई और यूरोपीय बाजार बंद थे।

शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को दो हजार 251 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *