America: अमेरिका से तनाव के बीच ईरान एयरस्पेस बंद, एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट की उड़ाने प्रभावित

America:  विमानन कंपनी एअर इंडिया ने ईरानी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण आज अमेरिका के लिए कम से कम तीन उड़ानें रद्द कर दीं और यूरोप के लिए कुछ सेवाओं के संचालन में भी देरी होगी। कम से कम तीन उड़ानों- राष्ट्रीय राजधानी से न्यूयॉर्क व नेवार्क के लिए दो और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए एक उड़ान को रद्द कर दिया गया है।

विमानन कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान में उभरती स्थिति, इसके बाद उसके हवाई क्षेत्र के बंद होने और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए, क्षेत्र से होकर गुजरने वाली उड़ानें अब वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे देरी हो सकती है। कंपनी ने कहा, ‘‘एअर इंडिया की वे कुछ उड़ानें रद्द की जा रही हैं जिनका मार्ग बदलना फिलहाल संभव नहीं है।’’ उसने इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया।

एअर इंडिया अमेरिका और यूरोप की उड़ानों के लिए ईरानी हवाई क्षेत्र का उपयोग करती है और वैकल्पिक मार्ग इराक के हवाई क्षेत्र से होकर उड़ान भरती है। इराक के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने से यात्रा अवधि बढ़ जाएगी और विमान के पास अमेरिका के लिए कुछ सेवाओं का संचालन करने के लिए पर्याप्त ईंधन नहीं होगा। पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण एअर इंडिया पश्चिम की ओर जाने वाली कई उड़ानों के लिए पहले से ही लंबे मार्ग इस्तेमाल कर रही है।

इंडिगो ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ईरान द्वारा हवाई क्षेत्र अचानक बंद किए जाने के कारण हमारी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हमारी टीम स्थिति का आकलन करने और प्रभावित यात्रियों को सर्वश्रेष्ठ संभव विकल्प उपलब्ध कराकर उनकी सहायता करने के लिए काम कर रही हैं।” स्पाइसजेट ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ रहा है और आशंका है कि स्थिति दोनों देशों के बीच संघर्ष में बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *