Grok AI: अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि एलन मस्क का एआई चैटबॉट ग्रोक, गूगल के जनरेटिव एआई इंजन के साथ पेंटागन नेटवर्क के भीतर काम करेगा, जो सैन्य डेटा को अधिक से अधिक मात्रा में विकसित हो रही तकनीक में शामिल करने के व्यापक कोशिश का हिस्सा है।
दक्षिण टेक्सास में मस्क की अंतरिक्ष उड़ान कंपनी स्पेसएक्स में दिए एक भाषण में रक्षा मंत्री हेगसेथ ने कहा, “बहुत जल्द हमारे विभाग में हर अवर्गीकृत और वर्गीकृत नेटवर्क पर दुनिया के आधुनिक एआई मॉडल मौजूद होंगे।” ये घोषणा ग्रोक के बाद आई है, जो मस्क के मालिकाना हक वाले सोशल मीडिया नेटवर्क एक्स के तहत आता है और जिसने लोगों की सहमति के बिना उनकी यौन उत्तेजक डीपफेक तस्वीरें बनाने के लिए दुनियाभर में आक्रोश और जांच का सामना किया है।
व्यापक दुरुपयोग को देखते हुए मलेशिया और इंडोनेशिया ने ग्रोक पर प्रतिबंध लगा दिया है, जबकि ब्रिटेन की स्वतंत्र ऑनलाइन सुरक्षा निगरानी संस्था ने सोमवार को जांच की घोषणा की। ग्रोक ने तस्वीरों को बनाने और उन्हें एडिट करने की सुविधा केवल उन्हीं यूजर्स को देता है, जो उसके लिए पैसे देते हैं।
मंत्री हेगसेथ ने कहा कि ग्रोक इस महीने के अंत में रक्षा विभाग में लाइव हो जाएगा और वो सेना के आईटी सिस्टम से “सभी उपयुक्त डेटा” को “एआई के उपयोग” के लिए उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि खुफिया डेटाबेस से डेटा एआई सिस्टम में फीड किया जाएगा। हेगसेथ का अभी भी विकासशील तकनीक को अपनाने का आक्रामक प्रयास बाइडन प्रशासन के उलट है, जिसने संघीय एजेंसियों को एआई के लिए नीतियां और उपयोग विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ इसके दुरुपयोग के प्रति भी सतर्कता बरतने की बात कही थी।
अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए नियमों की जरूरत है ताकि इस तकनीक का उपयोग व्यापक निगरानी, साइबर हमलों या यहां तक कि घातक मशीनों के लिए जिम्मेदारी के साथ उपयोग किया जा सके।
बाइडन प्रशासन ने इसके लिए 2024 के अंत में एक ढांचा लागू किया था, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों को उन्नत एआई सिस्टम के उपयोग को बढ़ाने का आदेश दिया गया था, लेकिन कुछ उपयोगों पर प्रतिबंध लगाया गया था, मसलन संवैधानिक रूप से संरक्षित नागरिक अधिकारों का उल्लंघन करने वाले अनुप्रयोग या परमाणु हथियारों की तैनाती को स्वचालित करने वाली कोई भी प्रणाली हो। लेकिन अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप प्रशासन के तहत ये प्रतिबंध अभी भी लागू हैं या नहीं।
अपने भाषण के दौरान रक्षा मंत्री हेगसेथ ने सेना के भीतर तकनीकी नवाचार को और मजबूत बनाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा, “हमें नवाचार को हर स्रोत से हासिल करने की गति और मकसद के साथ विकसित करने की जरूरत है।” उन्होंने बताया कि पेंटागन के पास “दो दशकों के सैन्य और खुफिया अभियानों से मिले युद्ध परिचालन डेटा” मौजूद है। हेगसेथ ने कहा, “एआई उतना ही अच्छा होता है जितना कि उसे हासिल होने वाला डेटा और हम ये तय करेंगे कि वो डेटा उपलब्ध हो।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि वो पेंटागन में एआई प्रणालियों को जिम्मेदार बनाना चाहते हैं, हालांकि इसके साथ उन्होंने ये भी कहा कि वे उन एआई मॉडलों को खारिज कर रहे हैं जो “आपको युद्ध लड़ने की इजाजत नहीं देंगे।” हेगसेथ ने कहा कि सैन्य एआई प्रणालियों के लिए उनका मतलब है कि वे “वैचारिक बाधाओं के बिना काम करें, जो वैध सैन्य प्रयोगों को सीमित करती हैं”।
उन्होंने आगे कहा कि पेंटागन की “एआई ‘वोके’ नहीं होगी।” मस्क ने ग्रोक को गूगल के जेमिनी या ओपन एआई के चैटजीपीटी जैसे प्रतिद्वंद्वी चैटबॉट से “वोके एआई” इंटरैक्शन के विकल्प के रूप में विकसित और पेश किया।
बीते साल जुलाई में ग्रोक तब विवादों में घिर गया, जब ऐसा प्रतीत हुआ कि उसने जर्मन तानाशाह हिटलर की तारीफ करते हुए यहूदी विरोधी टिप्पणियां कीं और कई यहूदी विरोधी पोस्ट साझा किए। ग्रोक से जुड़ी समस्याओं के बारे में पूछे गए सवालों पर पेंटागन ने तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।