Stock market: घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी और लगातार सातवें दिन हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 32 अंक गिरकर 76,138 पर जबकि एनएसई निफ्टी 13 अंक टूटकर 23,031 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में अडाणी पोर्ट्स, इंफोसिस, टीसीएस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और नेस्ले इंडिया सबसे ज्यादा गिरे जबकि टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा बढ़त में रहे।
मार्केट एक्सपर्ट पुरातन भारती ने कहा कि “दूसरे हॉफ ने बढ़त गंवा दी और ये इस तथ्य से समझा जा सकता है कि ये एक्सपाइरी डेट थी। जहां तक मैक्रोइकॉनोमिक डेटा का सवाल है, अमेरिका ने अपने मुद्रास्फीति डेटा जारी कर दिए जो हाई लेवल पर हैं और जो साफ तौर पर अच्छा संकेत नहीं है और इसका भविष्य में प्रभाव पड़ेगा। अपेक्षित मुद्रास्फीति धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ रही है जिसका प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए बाजार इस पर प्रतिक्रिया कर रहे हैं।”))
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, एफएमसीजी, आईटी, ऑटो और कैपिटल गुड्स ने बाजार को नीचे खींच लिया जबकि वित्तीय सेवा, मेटल और हेल्थ सर्विस सेक्टर के स्टॉक मजबूत रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और सियोल का कोस्पी बढत जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट, हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग और इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोपीय बाजार मिले जुले नोट पर कारोबार कर रहे थे, वॉल स्ट्रीट में गिरावट दर्ज की गई, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 4,969 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।