National Games: राष्ट्रीय खेलों के 39वें सत्र की मेजबानी करेगा मेघालय, 2027 में होगा आयोजन

National Games: भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा ने मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा को सूचित किया है कि राज्य फरवरी-मार्च 2027 में राष्ट्रीय खेलों के 39वें सत्र की मेजबानी करेगा। अगले सत्र के मेजबान राज्य के रूप में मेघालय को उत्तराखंड में चल रहे 38वें खेलों के समापन समारोह के दौरान IOA ध्वज सौंपा जाएगा। समारोह हल्द्वानी में होगा।

उषा ने संगमा को लिखे पत्र में कहा, ‘‘मुझे आपको ये बताते हुए खुशी हो रही है कि IOA ने 39वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के अधिकार मेघालय को आवंटित करने का फैसला किया है जो फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होने वाले हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेघालय रोमांचक यात्रा पर निकल रहा है तो मैं आपको उत्तराखंड के हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह में आमंत्रित करना चाहती हूं जहां IOA ध्वज औपचारिक रूप से मेघालय को सौंपा जाएगा।’’

संगमा ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ये ‘बहुत बड़ा सम्मान’ है कि उनके राज्य को 2027 में खेलों के मेजबान के रूप में चुना गया है। संगमा ने ‘X’ पर लिखा, ‘‘यह साझा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मेघालय को आधिकारिक तौर पर 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिए मेजबान घोषित किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के अगले सत्र के लिए मेजबान के रूप में IOA ध्वज को स्वीकार करने के लिए उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह में शामिल होने के लिए उत्साहित हूं।

उत्तराखंड में 28 जनवरी से शुरू हुए राष्ट्रीय खेलों में 38 टीम के लगभग 10,000 खिलाड़ी और अधिकारी भाग ले रहे हैं। खेल उत्तराखंड के सात शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें देहरादून मुख्य आयोजन स्थल है। अन्य आयोजन स्थल हरिद्वार, नैनीताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर, शिवपुरी और नई टिहरी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *