Animal Movie: अभिनेता रणबीर कपूर ने कहा कि ‘एनिमल’ में अनिल कपूर के बेटे का किरदार निभाते हुए उन्हें दिवंगत पिता और अभिनेता ऋषि कपूर की कई मीठी यादें ताजा हो गईं। साल 2007 की “सांवरिया” में अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले रणबीर कपूर ने स्क्रीन पर पिता की भूमिका निभाने के लिए अनिल कपूर को धन्यवाद दिया।
संदीप रेड्डी वांगा की निर्देशित, “एनिमल” में बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी भी हैं। रणबीर कपूर ने बताया कि “अनिल अंकल, इसके लिए धन्यवाद। बीते सालों में उनके साथ काफी मधुर संबंध रहे हैं। उनके साथ पिता-पुत्र का रिश्ता निभाने के लिए बहुत आभारी हूं। मैं उनमें अपने पिता की झलक देखता हूं। वे यहीं से आते हैं। समान पीढ़ियां, समान सोच वाले हैं। इसलिए उनके साथ काम करते हुए मुझे कई मीठी यादें ताजा हुईं।”
पिता के साथ अपनी समानताएं बताते हुए रणबीर कपूर ने कहा कि ऋषि कपूर के साथ उनका रिश्ता प्यार, सम्मान और भय का मिला-जुला स्वरूप था। उन्होंने कहा कि “जो रिश्ता मेरे पिता के साथ था, वो ज्यादातर भारतीय पिता-पुत्रों के रिश्तों की तरह है। थोड़ी दूरी, थोड़ा डर होता है। लेकिन साथ ही प्यार और सम्मान होता है। ‘एनिमल’ पिता-पुत्र के रिश्ते को जुनून की आंखों से देखने के बारे में है। इसलिए ये उससे काफी अलग है जो मैंने शायद वास्तविक जीवन में जिया।”
“एनिमल” में खलनायक की भूमिका निभाने वाले ब़ॉबी देओल ने कहा कि उन्हें फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है। तो रश्मिका मंदाना ने कहा कि बड़े पर्दे पर फिल्में देखने का अनुभव अद्भुत होता है, थिएटर इस उद्योग में काम करने वाले हर शख्स का मंदिर है।
वहीं अभिनेता बॉबी देओल ने कहा कि “घबराहट है। हर फिल्म खास है। और ये फिल्म मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि मुझे ये किरदार निभाने का मौका मिला। और इन अभिनेताओं के साथ काम करने का मौका मिला। इसलिए मैं खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं।” बता दें कि “एनिमल” शुक्रवार को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज हुई है।