Diwali: दिवाली का जश्न मिठाइयों और पारंपरिक पकवानों के बिना अधूरा माना जाता है, त्योहार करीब आते ही बाजारों में मिठाइयों और दूसरे खाद्य उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ने लगती है। लेकिन इस दौरान सबसे बड़ी चिंता खाने-पीने की चीजों की शुद्धता को लेकर रहती है। बाजार में उपलब्ध उत्पाद असली हैं या उनमें मिलावट की गई है, इसकी पहचान करना आम उपभोक्ताओं के लिए आसान नहीं होता।
इसी समस्या को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभागों और स्थानीय प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिए हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 35 हजार किलोग्राम संदिग्ध नकली घी बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावटी घी को उपभोक्ताओं के बीच भरोसा कायम करने के लिए सरकारी डेयरी ब्रांड ‘सरस’ के नाम से पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था।
वहीं, गुजरात के सूरत में भी नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। यहां मिठाई की दुकानों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासन की कोशिश है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह के घटिया या नकली खाद्य उत्पाद लोगों की थाली तक न पहुंचें। दिवाली में अब एक सप्ताह से भी कम समय बाकी है और मिठाइयों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अधिकारियों ने दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों से भी सतर्क रहने और त्योहार को सुरक्षित व सेहतमंद बनाने में सहयोग करने की अपील की है।