SRK: एक ही रात में लिखा और रिकॉर्ड किया शाहरुख की फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘तू मिल जाए’

SRK:  ब्रिटिश सिंगर और सॉन्गराइटर एड शीरन ने शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने खुलासा किया कि भारत के पिछले दौरे के दौरान संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर से मुलाकात के बाद उन्होंने इसी रात गाने के लिए अपना हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड भी कर लिया था।

फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ सोमवार को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के अवसर पर रिलीज किया गया। इस गाने को अरिजीत सिंह और एड शीरन ने अपनी आवाज दी है। खास बात यह है कि इसमें एड शीरन अंग्रेजी रैप करते हुए भी सुनाई दे रहे हैं, जबकि इसका संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है।

एड शीरन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात से लेकर इस गाने का हिस्सा बनने तक का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि जब पहली बार उनकी मुलाकात शाहरुख से हुई थी, तब अभिनेता ने उन्हें अपनी अगली फिल्म के लिए गाना तैयार करने का सुझाव दिया था। शीरन के मुताबिक, यह उनके करियर का पहला बॉलीवुड गाना भी है।

गायक ने बताया कि वक्त के साथ शाहरुख और उनके बीच अच्छी दोस्ती हो गई। भारत की पिछली यात्रा के दौरान वह अभिनेता के घर ‘मन्नत’ भी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शाहरुख से अपने और अरिजीत सिंह के गाने ‘सैफायर’ के म्यूजिक वीडियो में कैमियो करने का अनुरोध किया था।

शाहरुख खान ने साल 2025 में रिलीज हुए ‘सैफायर’ के म्यूजिक वीडियो में छोटी सी भूमिका निभाई थी। इस गाने की शूटिंग भारत के कई स्थानों पर हुई थी। इसमें अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज देने के साथ वीडियो में भी अभिनय किया था।

शीरन ने आगे बताया कि ‘मन्नत’ में हुई मुलाकात के दौरान शाहरुख ने उनका परिचय संगीतकार सचिन-जिगर से कराया। इसके बाद उन्होंने उसी रात ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपना हिस्सा तैयार किया और रिकॉर्ड कर लिया। उन्होंने खुशी जताई कि इस गाने में अरिजीत सिंह भी उनके साथ हैं। शीरन ने इसे अपने पसंदीदा कलाकारों के साथ काम करने का शानदार अनुभव बताया।

उन्होंने अपनी पोस्ट के साथ गाने की मेकिंग से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। शीरन के मुताबिक, फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका गाना ‘तू मिल जाए’ श्रोताओं के लिए उपलब्ध हो चुका है।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस एक्शन फिल्म में शाहरुख खान के अलावा दीपिका पादुकोण, सुहाना खान और अभिषेक बच्चन समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *