Virat Kohli: न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली के व्यवहार और खेल के प्रति उनके समर्पण से काफी प्रभावित हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके डफी का कहना है कि इतनी बड़ी पहचान होने के बावजूद विराट बेहद सहज और विनम्र स्वभाव के हैं। अब आगामी वनडे सीरीज में उनके खिलाफ मैदान पर उतरने को लेकर डफी उत्साहित हैं।
आईपीएल में जैकब डफी और विराट कोहली आरसीबी की ओर से खेलते हैं। दोनों खिलाड़ियों ने इस साल टीम को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अपना योगदान दिया। इसी दौरान डफी को कोहली के साथ समय बिताने और उनके खेल को करीब से समझने का मौका मिला।
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, डफी ने बताया कि हाल ही में उनकी कोहली से जिम में मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि विराट का व्यवहार बेहद अच्छा था और उनसे मिलकर काफी खुशी हुई।
न्यूजीलैंड के गेंदबाज ने कहा कि भारत में विराट कोहली की लोकप्रियता किसी सुपरस्टार से कम नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वह विदेशी खिलाड़ियों के साथ बेहद आत्मीयता से पेश आते हैं। आरसीबी के ड्रेसिंग रूम में सभी विदेशी खिलाड़ियों को सहज महसूस कराने का उनका अंदाज काबिल-ए-तारीफ है। डफी ने इसके लिए भारतीय बल्लेबाज का आभार भी जताया।
डफी ने कोहली की मेहनत और अभ्यास के प्रति प्रतिबद्धता की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि आरसीबी के नेट अभ्यास के दौरान अक्सर विराट सबसे पहले बल्लेबाजी के लिए पहुंचते थे, जबकि वह गेंदबाजी करने वाले शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल रहते थे। इस तरह दोनों ने नेट्स पर काफी समय एक-दूसरे के सामने बिताया।
डफी के मुताबिक, कोहली अपने खेल को लेकर बेहद गंभीर रहते हैं और उनकी तैयारी का स्तर शानदार है। नेट सत्र में एक-दूसरे का सामना करने के कारण दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे की क्षमताओं और खेल की शैली से अच्छी तरह परिचित हो चुके हैं।
गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली है। ऐसे में डफी के लिए कोहली के खिलाफ गेंदबाजी करना एक खास चुनौती होगी।
वहीं, हालिया टी20 सीरीज में भी डफी ने वापसी का दम दिखाया। दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में महंगे साबित होने के बाद उन्होंने चौथे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रन से हराया था।