Ram Charan: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और मशहूर निर्देशक सुकुमार एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों आगामी पैन-इंडिया फिल्म ‘RC17’ के जरिए बड़े पर्दे पर नई कहानी लेकर आएंगे। इस प्रोजेक्ट का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले किया जाएगा।
यह फिल्म राम चरण और सुकुमार की दूसरी बड़ी साझेदारी होगी। इससे पहले दोनों ने साल 2018 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘रंगस्थलम’ में साथ काम किया था। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली थी और दर्शकों के साथ-साथ फिल्म समीक्षकों ने भी इसकी जमकर सराहना की थी।
फिल्म निर्माताओं की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, रविवार को ‘RC17’ के लिए विशेष पूजा समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रोडक्शन हाउस ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर इस नए प्रोजेक्ट की जानकारी दी। पोस्ट के साथ फिल्म का पोस्टर भी जारी किया गया।
पोस्टर पर राम चरण को मेगास्टार और सुकुमार को शानदार कहानीकार बताते हुए दोनों की जोड़ी को पेश किया गया। वहीं, पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, ‘और अब शुरुआत होती है।’
गौरतलब है कि ‘रंगस्थलम’ में राम चरण के साथ अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 210 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो राम चरण हाल ही में फिल्म ‘पेद्दी’ में दिखाई दिए थे। अब ‘RC17’ के लिए सुकुमार के साथ उनकी वापसी को लेकर प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ गई है।