Halloween: हैलोवीन के मौके पर बॉलीवुड सेलेब्स ने अपने अनोखे अंदाज से सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। किसी ने हॉरर फिल्म के किरदार को याद किया, तो किसी ने पुराने दौर के मशहूर फिल्मी लुक को दोबारा जीवंत कर दिया। आलिया भट्ट, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर समेत कई सितारों ने अपने हैलोवीन लुक की झलक प्रशंसकों के साथ साझा की।
आलिया भट्ट ने ‘तुम्बाड’ के हस्तर को किया याद
अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह फिल्म ‘तुम्बाड’ के डरावने किरदार हस्तर का मास्क देखती नजर आईं। तस्वीर के साथ उन्होंने प्रशंसकों को हैलोवीन की शुभकामनाएं देते हुए ‘HastarForHalloween’ हैशटैग का इस्तेमाल किया। आलिया जल्द ही ‘तुम्बाड’ के आगामी सीक्वल में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
जाह्नवी कपूर ने श्रीदेवी के ‘नगीना’ लुक को किया रीक्रिएट
जाह्नवी कपूर ने हैलोवीन के लिए अपनी मां और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के सबसे चर्चित किरदारों में से एक को चुना। उन्होंने 1986 में रिलीज हुई फिल्म ‘नगीना’ में श्रीदेवी के प्रतिष्ठित लुक को नए अंदाज में पेश किया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवत्रामणि उर्फ ओरी की मदद से जाह्नवी ने फिल्म के पोस्टर के साथ-साथ शूटिंग के दौरान के कुछ यादगार दृश्यों को भी दोबारा फिल्माने की कोशिश की।
अपनी पोस्ट में जाह्नवी ने लिखा कि हैलोवीन अब केवल डरावने परिधानों तक सीमित नहीं रह गया है। लोग इस दिन अपने पसंदीदा फिल्मी किरदारों और पॉप कल्चर के चर्चित पलों को भी दोहराते हैं। उन्होंने इस लुक को अपनी मां श्रीदेवी, ऋषि कपूर और अमरीश पुरी जैसे दिग्गज कलाकारों को समर्पित किया।
खुशी कपूर और पारुल गुलाटी का भी दिखा अलग अंदाज
हैलोवीन सेलिब्रेशन में अभिनेत्री खुशी कपूर भी पीछे नहीं रहीं। ‘द आर्चीज’ से पहचान बनाने वाली खुशी ने डीसी कॉमिक्स की मशहूर सुपरहीरो वंडर वुमन का रूप अपनाया। वहीं अभिनेत्री पारुल गुलाटी अपनी हैलोवीन पार्टी के लिए एक आकर्षक और फंकी आउटफिट में नजर आईं। सितारों के इन अलग-अलग अंदाज को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का खूब ध्यान मिला।