Cyclone: चक्रवात ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित, तीन लोगों की मौत

Cyclone: चक्रवात ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित हुआ है और राज्य में तीन लोगों की मौत हो गई और 31 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को ये जानकारी दी।

एनडीआरएफ के महानिरीक्षक (आईजी) नरेंद्र सिंह बुंदेला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि केंद्र सरकार के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा की आपदा राहत-बचाव टीमें बारिश से उत्पन्न होने वाली स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही हैं। दोनों राज्यों और आसपास के इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि चक्रवात पुडुचेरी के यानम के पास तट को पार कर गया है और कमजोर होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान से भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके धीरे-धीरे और कमजोर होकर पहले चक्रवाती तूफान और फिर शाम तक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।

नरेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा, ‘‘चक्रवात ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश का उत्तरी हिस्सा और ओडिशा का दक्षिणी हिस्सा सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। दोनों राज्यों के कुछ जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। हमें जानकारी मिली है कि वहां पेड़ उखड़ गए हैं, 31 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और तीन लोगों की मौत हो गई है।’’

नरेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में चक्रवात का कोई गंभीर असर नहीं पड़ा है।’’ महानिरीक्षक ने बताया कि आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलावा पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना समेत पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में एनडीआरएफ की कुल 39 टीम तैनात की गई हैं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात एनडीआरएफ की चार अतिरिक्त टीम आंध्र प्रदेश भेजी गईं। नरेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा कि आंध्र प्रदेश में करीब 57,000 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया, जबकि मंगलवार रात यानम से 38 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *