King: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले मंगलवार को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर जारी कर फैंस को खास तोहफा दिया। फिल्म के इस पोस्टर में शाहरुख खान का बदले की आग में जलता हुआ दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है।
पोस्टर में शाहरुख हाथ में बंदूक थामे आग की ऊंची लपटों से घिरी सुरंग से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। उनका यह अंदाज फिल्म में जबरदस्त एक्शन और रोमांच की झलक देता है। खून से सना सीना और खुले बटन वाली डार्क शर्ट में शाहरुख का रफ एंड टफ लुक फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।
पोस्टर के साथ शाहरुख के कैप्शन ने भी सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींचा। अभिनेता ने लिखा, “आज फिर याद आया… कातिल नहीं… आशिक हूं… #KING”। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली यह फिल्म शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद की ‘पठान’ (2023) के बाद दूसरी बड़ी साझेदारी है।
हाल ही में शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक इंटरैक्टिव सेशन के दौरान फैंस के कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन, विजुअल इफेक्ट्स और संगीत को लेकर भी अपडेट साझा किए। अभिनेता ने बताया कि वह फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स के काम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और इसके लिए देर रात तक काम कर रहे हैं। अपने मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, “आरसी वीएफएक्स टीम को काफी परेशान कर रहा हूं। हैरी और कीटन के सिर पर बैठा हूं, ताकि वे बेहतरीन काम कर सकें। लगता है कि जल्द ही वे मुझे देर रात ऑफिस आने से बैन कर देंगे।”
फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की मेहनत की तारीफ करते हुए शाहरुख ने कहा, “सिड तो बेचारा लगा हुआ है। देर रात तक काम कर रहा है। हमारी पूरी कोशिश है कि बेहतरीन काम करके आपके सामने लाएं, ताकि आप फिल्म का आनंद लें और गर्व व खुशी महसूस करें।” फिल्म के संगीत को लेकर पूछे गए सवाल पर शाहरुख ने बताया कि गायक अरिजीत सिंह साउंडट्रैक को अंतिम रूप दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “अभी कर देता, अरिजीत दादा को फिनिशिंग टच देने हैं। वह परफेक्शनिस्ट हैं, इसलिए थोड़ा समय तो लगेगा ही।”
दिसंबर में कई बड़ी फिल्मों के रिलीज होने और बॉक्स ऑफिस पर संभावित टक्कर को लेकर पूछे गए सवाल पर शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “बिल्कुल नहीं… बाकी ब्रेड के टुकड़ों के बारे में भी तो सोचिए। हम तो बीच की स्वादिष्ट टिक्की हैं।” फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रानी मुखर्जी और करीना कपूर खान भी फिल्म में विशेष भूमिकाओं में दिखाई दे सकती हैं।