New Delhi: भारत और कनाडा के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिल्ली में अहम वार्ता की और इस दौरान दोनों पक्षों ने दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के उद्देश्य से आवागमन और प्रवासन प्रबंधन को सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया कि पहली भारत-कनाडा प्रवासन एवं आवागमन वार्ता की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन और कनाडा के आव्रजन, शरणार्थी एवं नागरिकता विभाग (आईआरसीसी) के उपमंत्री टेड गैलिवन ने की।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने इस वार्ता के लिए संदर्भ की शर्तों पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही उन्होंने इस साझा विश्वास को दोहराया कि भारत और कनाडा के बीच लोगों के आपसी संबंध सबसे मजबूत सेतु हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ विदेश मंत्रालय में सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन और कनाडा के उपमंत्री टेड गैलिवन ने आज नयी दिल्ली में पहली भारत-कनाडा प्रवासन एवं आवागमन वार्ता की सह-अध्यक्षता की। दोनों पक्षों ने आवागमन के अवसरों को सुगम बनाने और प्रवासन प्रबंधन के उपायों पर चर्चा की। ये भारत-कनाडा संबंधों के भविष्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’’ दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों में संबंधित मंत्रालयों और सरकारी एजेंसियों के अधिकारी शामिल थे।