Haridwar: आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर धर्मनगरी हरिद्वार को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) की फसाड योजना के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर दीवारों को धार्मिक चित्रों से सजाया जा रहा है। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी।
प्रमुख मार्गों पर बनाई जा रही धार्मिक पेंटिंग में हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को दर्शाने का प्रयास किया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को शहर में प्रवेश करते ही धार्मिक वातावरण का अनुभव होगा। वहीं, स्थानीय लोगों को भी इन चित्रों के माध्यम से धर्मनगरी की संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
फसाड योजना के तहत भवनों और दीवारों के बाहरी हिस्सों को सुंदर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। कुंभ की तैयारियों के बीच धार्मिक चित्रकारी शहर के सौंदर्यीकरण को नया रूप दे रही है। इससे प्रमुख मार्ग अधिक आकर्षक नजर आएंगे और हरिद्वार की धार्मिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।